विस में अश्लील फिल्म देख रहे मंत्रियों पर गिरी गाज

बेंगलूर। कर्नाटक विधानसभा की कार्यवाही के दौरान कथित रूप से अश्लील वीडियो देखने के मामले में फंसे भाजपा के तीन मंत्रियों ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों के आगे झुकते हुए बुधवार को इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल ने तीनों मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

इस घटना को लेकर भाजपा सरकार के शर्मिदगी झेलने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद तीनों आरोपी मंत्रियों को पार्टी कार्यालय बुलाया गया और उनसे इस्तीफा देने के लिए कहा गया।

सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सावदी, महिला एवं बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल और बंदरगाह तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्णा पालेमर ने शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के बाद इस्तीफा देने का फैसला किया।

सावदी ने भाजपा कार्यालय के बाहर आकर कहा कि हम पार्टी और सरकार की अब और किरकिरी नहीं चाहते हैं। हम सभी ने मंत्री पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। सावदी और पाटिल ने मांग की कि राज्य विधानसभा अध्यक्ष केजी बोपैया को जांच समिति गठित करके अश्लील वीडियो फुटेज देखने के मामले की जांच करानी चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि जांच में वे इन आरोपों से मुक्त हो जाएंगे। सावदी को कथित रूप से अश्लील फिल्म क्लिपिंग उपलब्ध कराने वाले पालेमर ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर कानूनी कदम उठाने पर विचार कर रहे हैं।

कर्नाटक में भाजपा सरकार के लिए मंगलवार को उस समय शर्मसार करने वाली स्थिति उत्पन्न हो गई थी जब फुटेज में राज्य विधानसभा की कार्यवाही के दौरान दो मंत्रियों को मोबाइल फोन पर कथित तौर पर अश्लील वीडियो देखते हुए दिखाया गया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के निर्देशों के तहत, गौडा ने पार्टी कार्यालय में बुधवार राज्य पार्टी प्रमुख के एस ईश्वरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस एदियुरप्पा, वरिष्ठ मंत्रियों जगदीश शेट्टर और गोविंद करजोल के साथ बैठक की और तीनों मंत्रियों से इस्तीफा देने के लिए कहा था।

सावदी और पाटिल ने कहा कि वे गौडा को अपना इस्तीफा सौपेंगे और उनसे आग्रह करेंगे कि वह इसे स्वीकार करें। सावदी ने कहा कि सदन में रेव पार्टी पर चर्चा के संदर्भ में वह यह वीडियो देख रहे थे। सावदी और पाटिल ने इस मामले को जरुरत से ज्यादा बढावा देने के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराया। सावदी ने कहा कि मीडिया हम लोगों को पूरे राज्य में अपराधियों की तरह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि वे स्वेच्छच् से पद छोड़ रहे हैं और उन पर ऐसा करने के लिए कोई दबाव नहीं है। पालेमर ने कहा कि जब कोई आरोप लगा हो तो मंत्री पद पर बने रहना सही नहीं होता है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने अश्लील वीडियो देखने के मामले में फंसे तीनों मंत्रियों के इस्तीफे राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए भेज दिए जिसके बाद राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने तीनों मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सावदी, महिला एवं बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल तथा बंदरगाह मामलों के मंत्री कृष्णा पालेमर के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(22) वोट का औसत

average:4.636364
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
  • अपराध
  • दुर्घटना
  • आतंकवाद