श्रीनगर [जागरण ब्यूरो]। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्नी पायल के साथ तलाक की अटकलबाजियों पर पूर्ण विराम लगा दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अब पायल के साथ नहीं रहते। उन्होंने अपनी दूसरी शादी की खबरों को निराधार करार देते हुए कहा कि मेरा आग्रह है कि मेरी या मेरे परिवार की निजी जिंदगी को अकारण मीडिया में न उछालें। हम अच्छे हालात में नहीं हैं और उन हालात से उबरने का प्रयास कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनकी पत्नी पायल के अलगाव को लेकर पिछले कई दिनों से प्रदेश के सियासी व अन्य हलकों में अटकलबाजियां चल रही हैं। उमर की शादी शुरू से ही कश्मीर में चर्चा का विषय रही है। कहा जाता है कि उनकी दादी और पिता डॉ. फारूक अब्दुल्ला भी इसके खिलाफ थे। अलबत्ता, बाद में उनके रजामंद होने पर एक सितंबर, 1994 को उमर और पायल परिणय सूत्र में बंधे। पायल सिख परिवार से हैं और उनके पिता रामनाथ सेना में मेजर जनरल के पद से रिटायर हुए हैं। उमर और पायल के दो पुत्र जमीर व जहीर हैं। जमीर की उम्र लगभग 13 साल है जबकि जहीर 11 साल के हैं।
उमर मार्च से नहीं मिले पायल से
उमर की सिख युवती से शादी को उनके राजनीतिक विरोधियों ने वर्ष 2002 के विधानसभा चुनाव में मुददा भी बनाया था। उस समय उमर गांदरबल से चुनाव हार गए थे। अब्दुल्ला परिवार के करीबियों के मुताबिक उमर और पायल के वैवाहिक जीवन में तल्खियां बीते डेढ़ साल के दौरान ही पैदा हुईं। दोनों फरवरी, 2011 के बाद से राज्य में कभी भी साथ नहीं देखे गए हैं। पायल अब्दुल्ला नई दिल्ली स्थित अकबर रोड स्थित अपने आवास में रह रही हैं। दोनों बच्चे भी उनके साथ ही हैं। बीती मार्च से उमर उनसे नहीं मिले हैं। हालांकि इस दौरान वह कई बार दिल्ली गए। दिल्ली दौरे में उमर हमेशा अपने पिता डॉ. अब्दुल्ला के सफदरजंग रोड स्थित आवास में ही रुके।
मंत्री की रिश्तेदार या टीवी एंकर से शादी की चर्चा
सूत्रों की मानें तो दोनों के बीच सहमति के आधार पर तलाक हुआ है। फिलहाल बच्चों को लेकर मामला लटका हुआ है। अब्दुल्ला परिवार के करीबियों के अनुसार डॉ. अब्दुल्ला और उनके निकट संबंधी उमर की दूसरी शादी राज्य के गृह राज्यमंत्री नासिर असलम वानी के परिवार की एक महिला से कराने के इच्छुक हैं। नासिर को उमर का खास माना जाता है। लेकिन एक टेलीविजन न्यूज चैनल की कश्मीरी पंडित मूल की एक एंकर के साथ भी उनकी शादी को लेकर चर्चा है। लेकिन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को इन अटकलों पर पूर्ण विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पायल से वह अलग हो चुके हैं लेकिन दूसरी शादी की योजना नहीं बना रहे हैं।
काम पर कोई असर नहीं
उमर ने कहा कि मेरे पारिवारिक जीवन को लेकर मीडिया में लगातार आधारहीन खबरें आ रही हैं। ये सभी उनसे बात किए बगैर ही दी जा रही हैं। इससे मेरी और मेरे परिजनों की भावनाएं आहत हुई हैं। मेरे जीवन और परिवार में उथल-पुथल जारी है। लेकिन मैं इसे अपने काम पर हावी नहीं होने देना चाहता। मैं और मेरा परिवार एक निजी जिंदगी का हकदार है।
अंतरजातीय विवाह अब्दुल्ला परिवार में अपवाद नहीं
श्रीनगर [जागरण ब्यूरो]। जम्मू-कश्मीर के लिए खास अब्दुल्ला परिवार में अंतर जातीय विवाह कोई अपवाद नहीं है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पिता व केंद्रीय नव अक्षय ऊर्जा मंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उनकी बहनों ने भी गैर मुस्लिम परिवारों में ही प्रेम विवाह किया है। डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने इंग्लैंड की मूल निवासी मोइली नाम की महिला से परिवार के विरोध के वाबजूद शादी की थी। मोइली पेशे से नर्स हैं और ईसाई धर्म की अनुयायी हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की बड़ी बहन साफिया की शादी बेशक कश्मीरी मुस्लिम परिवार में हुई है। उनके पति का नाम आसिफ खान हैं लेकिन दूसरी बहन हिना ने दक्षिण अफ्रीका में बसे एक अफ्रीकी ईसाई से शादी की है। उनकी सबसे छोटी बहन सारा ने भी विजातीय विवाह किया है। सारा ने कांग्रेस सांसद सचिन पायलट से वर्ष 2004 में शादी की। शुरू में उमर और डॉ. अब्दुल्ला ने इस शादी का विरोध किया था। बाप-बेटे सारा-सचिन की शादी में शरीक नहीं हुए थे, क्योंकि उन्हें इससे सियासत में नुकसान का अंदेशा था। बाद में पायलट और अब्दुल्ला परिवार के संबंध सुधर गए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर