जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मुस्लिम के दिल-ओ-दिमाग में राहुल गांधी को पैवस्त कराने के लिए कांग्रेस कोई उपक्रम बाकी नहीं छोड़ रही। उत्तर प्रदेश में फिर से अपने पैरों पर खड़े होने के लिए इस दफा सबसे ज्यादा मुस्लिम वोटों की वापसी की कोशिश कर रही कांग्रेस ने बुनकर पैकेज या अल्पसंख्यक आरक्षण जैसे कदमों को उठाने के बाद मुस्लिमों के बीच प्रचार अभियान की अलग रणनीति बनाई है। राहुल को 'एंग्री यंगमैन अवतार' देने के बाद हर वर्ग और इलाके के लिहाज से प्रचार अभियान की तैयारी में अब कांग्रेस ने बाजार में कव्वाली उतारी है।
'उठो, जागो, बदलो उत्तर प्रदेश' के नारे से सजी इस कव्वाली में विशेष रूप से मुस्लिमों के बीच राहुल को 'रहबर' के रूप में पेश किया गया है। शुरुआत में इसके बोल हैं, 'आए-आए राहुल जी आए, कांग्रेस को जिताने आए।' आतंकवाद से मुस्लिम तबके पर उंगली उठने की प्रवृत्ति को गीत के बोलों में ढालकर संघ परिवार और भाजपा को खास तौर से निशाना बनाया गया है। साथ ही सपा पर मुस्लिमों को डराने तो बसपा को बुतपरस्त बताते हुए मुस्लिमों को झकझोरने की कोशिश की गई है।
पहले ही अन्तरे के बोल हैं कि 'आतंकी कहें हमको, आतंक खुद कराते। बहुत डराए वो, मेरे जख्म दिखाए वो, एक बुत बनवाए, एक प्रगति से भागे...'। दूसरे अन्तरे में अशफाक उल्ला और अब्दुल हमीद की शहादत को याद दिलाते हुए राहुल को उनके संरक्षक के रूप में पेश किया गया है। बोल हैं 'पहचान वापस लाओ और शान वापस ले आओ, कांग्रेस की यूपी में आन वापस ले आओ। सबकी हिफाजत करने आए-आए राहुल...'। मुस्लिमों के बीच पैठ बनाने की कोशिश में जारी की गई इस कव्वाली का कवर भी उर्दू में तैयार किया गया है। इसे सोमवार से चुनाव चरणों के हिसाब से खासतौर से मुस्लिम इलाकों में चुनाव प्रचार के लिए भेजा जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर