समाचार

जयपुर ब्लास्ट : तीन और स्केच जारी

May 15, 10:40 pm
  Print

जयपुर। बम धमाकों से जयपुर को हिला देने वाले तीन और युवकों के स्केच पुलिस ने जारी किए हैं। इन सभी की उम्र 18 से 25 साल के बीच है। पुलिस ने अजमेर में आठ बांग्लादेशी लोगों को हिरासत में लिया है।

विस्फोटों में घायल हुए लोगों में से एक और व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान सवाई मानसिंह अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे मरने वालों की संख्या 65 हो गई है। पुलिस अधीक्षक [उत्तर] आर सुहास ने बताया कि स्केच प्रारंभिक जांच के आधार पर जारी किए गए हैं। इसके लिए साइकिल, बैग और बाल बियरिंग बेचने वाले दुकानदारों से पूछताछ को आधार बनाया गया। इससे पूर्व बुधवार को पुलिस ने इस आतंकी कार्रवाई को अंजाम देने वाले मुख्य संदिग्ध का स्केच जारी किया था।

इस बीच, पुलिस ने अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह के निकट आठ संदिग्ध बांग्लादेशी लोगों को हिरासत में लिया है। ये सभी दरगाह के निकट घूम रहे थे। पुलिस अधीक्षक आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि इन सभी से पूछताछ की जा रही है।

दूसरी ओर, महाराष्ट्र का आतंकवाद निरोधक दल बृहस्पतिवार को जयपुर पहुंचा। यह दल विस्फोट के तौर तरीकों की जांच में राजस्थान पुलिस की मदद करेगा। एटीएस प्रमुख हेमंत खरे ने बताया कि हम इस बात का भी पता लगाएंगे कि इसमें स्थानीय लोग शामिल हैं कि नहीं। उन्होंने बताया कि इस दल में दो वरिष्ठ अधिकारी और अन्य लोग शामिल हैं।

सोनिया के दौरे से पहले महिला को पकड़ा

जयपुर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अस्पताल दौरे से कुछ समय पूर्व एक संदिग्ध महिला को एसपीजी ने पकड़ लिया। उसके पास एक हिडन कैमरा बरामद हुआ था। वह अस्पताल में आपातकालीन द्वार के बाहर का फोटो ले रही थी। एसपीजी ने महिला को गुप्तचर अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जिससे पूछताछ की जा रही है।

स्केच से मिलता व्यक्ति किसान निकला

संदिग्ध आतंकी के जारी स्केच से मिलते-जुलते एक व्यक्ति को जैसलमेर पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में पूछताछ करने पर यह व्यक्ति किसान निकला। पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज राजीव दासौत ने बताया कि इस व्यक्ति को देचू पुलिस थाना में हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेने के बाद जारी स्केच से उसका हुलिया नहीं मिला। पूछताछ से पता चला कि जयपुर में हुए विस्फोट का उससे कोई लेना देना नहीं था। वह हनुमानगढ़ जिले का रहने वाला एक किसान था। वह अपने काश्तकार से मिलने के लिए फलोदी से देचू की तरफ आ रहा था।

दस्तावेजों के साथ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

कर्नाटक के बेलगाम में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया। उसके पास से कश्मीर में आतंकवाद और अमेरिका में 9/11 के हमले से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। एक अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लंदन में सुरक्षा एजेंसी संचालित करने वाले लियाकत अली को आपत्तिजनक सीडी और किताबें रखने के लिए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लैपटाप, वीडियो कैमरा, चार मोबाइल फोन और साहित्य जब्त किया गया है।

लियाकत लंदन में सुरक्षा एजेंसी संचालित करता है। वह मार्च में यहां आया था। तभी से वह यहीं ठहरा हुआ था। उसकी पत्नी और दो बच्चे लंदन लौट गए थे। लियाकत यहां के खारूनगर का मूल निवासी है। पुलिस अधिकारी ने संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर इम्तियाज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि उपपुलिस आयुक्त के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित कर दी गई है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति