
कोहिमा। नागालैंड में दीमापुर के बाहरी इलाके में एनएससीएन के दो प्रतिद्वंद्वी गुटों में शुक्रवार को हुई झड़प में कम से कम 12 भूमिगत नगा कार्यकर्ता मारे गए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जीपीआरएन एनएससीएन यूनिफिकेशन ने एनएससीएन [आईएम] की शिविर पर हमला किया। उसके बाद दोनों गुटों के बीच हुई झड़प में 12 लोग मारे गए।
पुलिस ने बताया कि दीमापुर से 15 किलोमीटर दूर सेथेकिमा गांव में दोनों गुटों के बीच भीषण गोलीबारी के बाद जीपीआरएन व एनएससीएन यूनिफिकेशन के 12 कार्यकर्ताओं के शव बरामद किए गए हैं। एनएससीएन [आईएम] को हुए नुकसान के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।
चुमीकेदिमा इलाके में गोलीबारी की खबर सुनने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से शव बरामद किए।