
नई दिल्ली। राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के मद्देनजर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक आतंकवाद निरोधक सुरक्षा प्रणाली स्थापित की जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह प्रणाली अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित है और यह भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आतंकी हमलों को विफल करने में सक्षम है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा विकसित यह प्रणाली एक पायलट परियोजना के तहत स्थापित की जाएगी। इसके बाद यह कई अन्य स्थानों पर भी लगाई जाएगी।