चेन्नई। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 15 मई की रात गिरफ्तार मुस्लिम कट्टरपंथियों की योजना राज्य के हिंदू नेताओं को निशाना बनाने की थी। ये तीनों आतंकी तौफीक द्वारा स्थापित किए गए संगठन के सदस्य हैं। जयपुर विस्फोटों के मद्देनजर इनसे कुछ अहम जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी को बहुत महत्वपूर्ण मान रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हीरा उर्फ सैयद हसन, उमर उर्फ कालीमुथु और अब्दुल खादर उर्फ एम खादर बताए जाते हैं। पुलिस की गिरफ्त में आने से बच गए आतंकियों के नाम तौफीक और अबु धबीर बताए जा रहे हैं। तौफीक को मुंबई बम विस्फोटों से संबंधित मामले में पोटा की अदालत ने दोषमुक्त करार दिया था।
सूत्रों ने कहा कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार लोगों ने स्वीकार किया कि उनकी योजना मार्च में हिंदू मुन्नानी नेता राम गोपालन पर हमला करने की थी लेकिन उनका प्रयास विफल हो गया। गिरफ्तार कट्टरपंथियों को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया।
तौफीक और उसके सहयोगी की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीम ने एक लाज पर छापा मारा लेकिन वे चकमा देकर फरार हो गए। इन तीनों को अवैध गतिविधियां निरोधक कानून और 12 विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से कुछ पर्चे और प्रचार की सामग्री बरामद हुई है।