जयपुर [जागरण संवाददाता]। सीरियल बम धमाकों की जांच में जुटी पुलिस ने [स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट आफ इंडिया] सिमी के एक सक्रिय कार्यकर्ता को हिरासत में लिया है। इसके अलावा एक कश्मीरी दंपति को भी गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक [अपराध] एके जैन ने बताया कि पुलिस बम विस्फोटों का सुराग देने वाले को दस लाख रुपये का इनाम देगी। अभी तक पुख्ता तौर पर कोई खास सुराग नहीं लगा है, लेकिन राजस्थान पुलिस विभिन्न राज्यों के स्थानीय खुफिया तंत्रों से संपर्क बनाए हुए है।
राजस्थान पुलिस की स्पेशल आपरेशन ग्रुप [एसओजी] टीम ने सवाई माधोपुर जिले के छोटा उदई से सिमी के सक्रिय कार्यकर्ता साजिद को हिरासत में लिया है। साजिद इससे पहले गुजरात पुलिस द्वारा पकड़ा जा चुका है। इसके अलावा अजमेर जिले के नूंद्री महेंद्रातान गांव से एक संदिग्ध कश्मीरी दंपति को गिरफ्तार किया गया है। कश्मीर के सोपोर क्षेत्र का मूल निवासी अब्दुल आहत पत्नी परवीन बानो के साथ यहां किराए पर रह रहा था। अब्दुल ने बताया कि वह करीब तीस वर्ष पहले राजस्थान आया था। उसने काफी समय जयपुर में भी गुजारा है। दोनों ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में काफी संख्या में कश्मीरी व बांग्लादेशी रह रहे है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब आतंकियों की तलाश के लिए विस्फोट स्थल व आसपास की दुकानों पर लगे कैमरों की रिकार्डिग को भी देख रही है। इन कैमरों में बैग लटकाए युवक व संदिग्धों के हुलिए से मेल खाते चेहरों की तलाश की जाएगी। पुलिस घटनास्थल के नजदीक वाले संस्थानों में लगे कैमरों की भी रिकार्डिग देख रही है। डीआईजी सौरव श्रीवास्तव ने कुछ और संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की बात कही है। देर रात तक कुछ संदिग्धों के और स्केच जारी किए जाने की संभावना है।
एक और घायल ने दम तोड़ा
जयपुर। सीरियल बम धमाकों में घायल उत्तार प्रदेश [इटावा] के रहने वाले रणवीर ने शनिवार सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह जौहरी बाजार में हुए विस्फोट में घायल हो गया था।