समाचार

मुठभेड़ में मेजर समेत दो शहीद

Jul 20, 11:33 am
  Print

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रजौरी जिले में आतंकी गुट लश्कर-ए-तोइबा के आतंकियों के साथ रविवार को एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। शहीद होने वालों में सेना का एक मेजर तथा एक पुलिस कांस्टेबल शामिल है।

इससे एक दिन पहले आतंकी गुट हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकियों के विस्फोट में सेना के नौ जवान शहीद हो गए थे, जबकि 20 अन्य घायल हो गए थे। यह विस्फोट श्रीनगर बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई थी। रक्षा प्रवक्ता कर्नल एसडी गोस्वामी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर सेना और पुलिस के विशेष अभियान समूह [एसओजी] के जवानों ने क्षेत्र में एक तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि लश्कर के पांच से छह आतंकी रजौरी जिले के थानामंडी इलाके के कुंडा पंगाई वन में घूम रहे हैं। इस अभियान के दौरान आतंकियों ने उन पर गोली चलाई। जवानों ने इसके बदले स्वरूप गोलीबारी की जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई।

प्रवक्ता ने बताया कि इस मुठभेड़ में 43 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर भानु प्रताप सिंह तथा पुलिस कांस्टेबल संजीव रैना शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य सुरक्षाकर्मी इसमें घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायल होने वालों में राइफलमैन रविंदर सिंह, लांस नायक ज्ञान प्रकाश और पुलिस कांस्टेबल जावेद हैं। सभी घायलों के जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है। प्रवक्ता ने यह भी बताया कि मेजर सिंह की उम्र 29 साल थी। वह जयपुर के रहने वाले थे। वह आठ राजपुताना राइफल्स के लिए कमीशंड अधिकारी चुने गए थे। पिछले कुछ समय से सिंह की नियुक्ति 43 राष्ट्रीय राइफल्स के लिए कर दी गई थी। मेजर के पैतृक शहर में उनके शव को भेजा जा रहा है। कर्नल गोस्वामी ने कहा कि आतंकियों को खोजने के प्रयास अभी भी जारी हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति