श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह हथियारों के साथ घुसपैठ कर रहे तीन घुसपैठियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 11 वी जाट रेजीमेंट के जवानों ने सुबह अंधेरे का फायदा उठाकर नियंत्रण रेखा स्थित टोनी चौकी से गुलाम कश्मीर से भारतीय सीमा में घुसपैठ करते आतंकियों के समूह को देखा। सुरक्षा बलों द्वारा ललकारने और हथियार डालने को कहने पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की जवाबी गोलीबारी में तीनों आतंकी मारे गए। पवित्र रमजान महीना शुरू होने के बाद इस तरह की यह पहली घटना है। उत्तरी कश्मीर में पिछले छह महीने में नियंत्रण रेखा के विभिन्न सेक्टरों पर हुई मुठभेड़ों में दो दर्जन से अधिक घुसपैठिए मारे जा चुके हैं।