अहमदाबाद। अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट मामले में स्थानीय अदालत ने भुज से गिरफ्तार चार आरोपियों को शनिवार को 18 सितंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
आरोपी नावेद कादरी, जावेद शेख और अब्बास समजे का कथित रूप से सिमी के साथ संबंध है और इन्हें सिविल अस्पताल में हुए बम विस्फोट के मामले में भुज से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अयाज सैय्यद को नरौदा में बम विस्फोट के मामले में अहमदाबाद के वाटवा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों की रिमांड पर लेने की अदालत से मांग की थी। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस ने कहा था कि आरोपियों की कई विस्फोटों में संलिप्त होने की जांच के लिए समय चाहिए।
महानगरीय दंडाधिकारी जीएम पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को 18 सितंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को पुलिस से बच निकलने और सच नहीं बताने के लिए प्रशिक्षण दिया गया है इसलिए सच जानना बहुत मुश्किल है और इसके लिए अधिक समय की आवश्यकता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब्बास वर्ष 2001 से ही सिमी का सदस्य है और विस्फोट को अंजाम देने के लिए उसने वर्ष 2007 में भुज का अपना घर बेच दिया था। अब्बास सिमी के ही सफदर नागौरी और जाहिद शेख से भी संबंध हैं। इन दोनो को अन्य बम विस्फोट मामले में गिरफ्तार किया गया है। नावेद कादरी पर नवयुवकों को एकत्र कर सिमी के लिए भर्ती करने आतंकी गतिविधियों में सक्रियता से भाग लेने का आरोप है। आरोपियों ने हलोल प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण लिया था और अन्य षड्यंत्रकारियों के साथ संपर्क बनाए हुए थे।