
अगरतला। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में बीते बुधवार हुए सिलसिलेवार धमाकों के संबंध में पुलिस ने मस्जिद से एक इमाम को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि इमाम की पहचान बिलाल अहमद के रूप में की गई जो त्रिपुरा स्टेट जमियत उलेमा [हिंद] का सदस्य रहा है। पुलिस ने बताया कि सीआईडी के एक दल ने नजदीकी नागीच्चेरा स्थित एक मस्जिद पर छापा मारकर बीती रात बिलाल अहमद को गिरफ्तार किया।
बिलाल को प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रस्तुत किया गया। अदालत ने बिलाल को दस दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिलाल को आईपीसी की धारा 326, 307 और 427 के तहत गिरफ्तार किया गया।
त्रिपुरा स्टेट जमियत उलेमा [हिंद] ने बिलाल अहमद की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। संगठन के अध्यक्ष मुफ्ती तवेबुर रहमान ने कहा कि भारत विरोधी गतिविधियों में कोई इमाम शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा कि सिलसिलेवार धमाकों की हम निंदा करते हैं और पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए हम हमेशा तैयार हैं। उन्होंने इमाम बिलाल अहमद को फौरन रिहा करने की मांग की।