
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने इन आरोपों का जोरदार खंडन किया है कि सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित के खिलाफ मालेगांव बम विस्फोट मामले में राजनीति से प्रेरित होकर कार्रवाई की जा रही है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लेपिटनेंट कर्नल पुरोहित के खिलाफ कार्रवाई राजनीति से प्रेरित नहीं है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का आतंकवाद विरोधी दस्ता [एटीएस] अपनी जांच जारी रखेगा।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित ने कल नासिक की अदालत में आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है क्योंकि उनके पास पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और सिमी से संबंधित बहुत सी सूचनाएं हैं।
उधर, मुंबई एटीएस को मालेगांव विस्फोट मामले में सुधाकर चतुर्वेदी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने की मंजूरी मिल गई। ऐसा माना जा रहा है कि चतुर्वेदी अभिनव भारत संगठन का सदस्य है। रिवाल्वर और सेना का फर्जी पहचान पत्र रखने के आरोप में माटुंगा पुलिस ने चार नवंबर को चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया था।
मजिस्ट्रेट अदालत ने एटीएस के आवेदन पर सुनवाई करते हुए चुतर्वेदी की हिरासत एटीएस को सौंप दी। चतुर्वेदी पर मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत प्रसाद पुरोहित के संपर्क में रहने का संदेह है। उन पर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में दर्ज मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार लोगों के बीच बैठक आयोजित कराने का भी आरोप है।