
ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। मुंबई में बुधवार को हुए आतंकवादी हमले की शुरुआत दक्षिण मुंबई में कई स्थानों पर अंधाधुंध फायरिंग से हुई। फायरिंग की ये घटनाएं रात लगभग 9.30 बजे गेट वे आफ इंडिया के ठीक सामने स्थित पांच सितारा होटल ताज, देश के सबसे बड़े व्यावसायिक केंद्र नरीमन प्वाइंट पर स्थित पांच सितारा होटल ओबेराय, एअर इंडिया बिल्डिंग और मुंबई का दिल माने जानेवाले वीटी स्टेशन परिसर में लगभग एक साथ शुरू हुईं। दक्षिण मुंबई की इन विशेष भीड़भाड़ वाली इमारतों के अलावा कुछ अन्य भागों में हथगोलों एवं अन्य विस्फोटकों के जरिए दर्जनों विस्फोट भी किए गए हैं। जिन स्थानों पर आज हमले हुए हैं, उनमें होटल, स्टेशन, अस्पताल, स्कूल सभी शामिल हैं।
कहीं फायरिंग तो कहीं ग्रेनेड धमाके। देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में बुधवार की रात मंजर युद्ध जैसे थे। हर ओर से अंधाधुंध गोलीबारी और धमाके की गूंज। यहां तक कि विदेशी पर्यटकों, वीआईपी और तमाम सेलिब्रेटीज की मौजूदगी के लिए मशहूर पांच सितारा होटल ताज व ओबेराय पर भी आतंकियों ने निशाना साधा। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर भी हमला किया। सिर्फ ताज होटल में पांच धमाके हुए हैं।
होटल ताज, ओबेराय और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के अलावा जिन क्षेत्रों में धमाके और फायरिंग हुई है, उनमें कोलाबा, नरीमन प्वाइंट, कामा हास्पिटल, विले पार्ले और मंझगांव शामिल हैं। विले पार्ले स्थित फ्लाईओवर के नीचे और मंझगांव में डाकयार्ड रोड पर टैक्सियों में विस्फोट किए गए। होटल ताज में एक-एक कर पांच धमाके हुए हैं।
करीब दो घंटे तक फायरिंग का शिकार रहे छत्रपति शिवाजी रेलवे स्टेशन पर रात करीब 9.40 बजे प्लैटफार्म नंबर सात के बाहर फायरिंग शुरू हुई। गौरतलब है कि वीटी स्टेशन परिसर में प्लेटफार्म नंबर सात तक उपनगरीय ट्रेनों का आवागमन होता है, और आठ से 16 नंबर प्लेटफार्म तक लंबी दूरी की गाड़ियां आती-जाती हैं। प्लैटफार्म नंबर सात और आठ के बीच करीब 100 फुट का फासला है, जहां यात्रियों की काफी भीड़ रहती है। चूंकि लंबी दूरी की ज्यादातर गाड़ियां रात में ही रवाना होती हैं, इसलिए उपनगरों की ओर से यात्री लोकल ट्रेनों से आकर मेन लाइन की ओर जाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वीटी के लोकल स्टेशन पर जब चार लोकल ट्रेनें आकर रुकीं और हजारों की संख्या में यात्री लोकल ट्रेन के प्लेटफार्मो से मेन लाइन की ओर बढ़ रहे थे , तभी फायरिंग शुरू हुई और यात्रियों में भगदड़ मच गई। चूंकि वीटी स्टेशन पर सुरक्षा की दृष्टि से सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहता है, इसलिए आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू होते ही सशस्त्र बलों ने उन पर जवाबी हमले भी शुरू कर दिए। ये दोतरफा फायरिंग लगभग डेढ़ घंटे तक जारी रही । इस बीच कुछ-कुछ देर बाद छोटे-मोटे धमाकों की भी खबरें आती रहीं । फायरिंग का यह दौर स्टेशन परिसर से बाहर की ओर भी फैलता गया और धीरे-धीरे वीटी स्टेशन के ठीक सामने स्थित महानगरपालिका मुख्यालय एवं उसके पीछे स्थित मैडम कामा अस्पताल तक जा पहुंचा।
दूसरी ओर, मुंबई की समृद्धि का प्रतीक माने जानेवाले गेटवे आफ इंडिया के ठीक सामने स्थित पांच सितारा होटल ताज एव नरीमन प्वाइंट स्थित एक अन्य पांच सितारा होटल ट्राइडेंट (ओबेराय) पर भी इसी प्रकार के हमले बोले गए। इन होटलों में आतंकियों ने गोलीबारी के अलावा तगड़े विस्फोटों को भी अंजाम दिया । जिसके कारण होटल परिसर एवं उसके आसपास खड़ी महंगी कारें एवं होटल के शीशे क्षतिग्रस्त हुए एवं कई लोग मारे भी गए।
रात के वक्त इन पांच सितारा होटलों की रौनक शबाब पर रहती है। हाई प्रोफाइल पार्टियां होती हैं और इनमें कई मशहूर हस्तियां शामिल होती हैं। यहां ठहरने वाले मेहमानों में भी देश-विदेश के वीआईपी शामिल होते हैं।
अस्पताल में भी रही अफरातफरी
मुंबई। बुधवार को आतंकियों ने मुंबई को थर्रा दिया। सोची-समझी रणनीति के तहत आतंकियों ने व्यवस्थित रूप से एक साथ कई जगह हमले किए। उन्होंने अस्पताल को भी नहीं छोड़ा। दक्षिण मुंबई स्थित कामा अस्पताल पर भी गोलीबारी कर बम का धमाका किया गया। धमाके की आवाज सुनते ही अस्पताल में भर्ती रोगी और उनके परिजन दहशत से चीखने-चिल्लाने लगे। डाक्टरों और अस्पताल के स्टाफ के चेहरों पर भी मौत का खौफ नजर आने लगा। अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। विस्फोट के कंपन और बदहवासी के कारण मरीजों को चढ़ाए जा रहे अनेक पानी के बोतल चकनाचूर हो गए। अस्पताल के आस पड़ोस के इलाकों के लोग अनहोनी के भय से सदमे में आ गए। हालांकि अस्पताल में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहां मौत के भय से जिंदगी की जंग जीतने की जिद्दोजहद बढ़ गई है। बाद में संयत हुए अस्पताल प्रशासन ने वस्तुस्थिति से सभी को अवगत कराया और खौफ कम करने की कोशिश की।