समाचार

लखवी को भारत को नहीं सौंपेगा पाक

Dec 09, 06:10 pm
  Print

नई दिल्ली। पाकिस्तान ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकीउर रहमान लखवी को भारत को सौंपने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान का कहना है कि केवल उसके अधिकारी ही लखवी से पूछताछ कर सकते हैं। लखवी पर मुंबई हमलों में हाथ होने का आरोप है।

पाकिस्तान के रक्षामंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने मंगलवार को कहा कि भारत की चिंताओं पर एक संयुक्त जांच तंत्र के जरिये विचार-विमर्श किया जा सकता है। इसके गठन का प्रस्ताव मुंबई हमलों की जांच के लिए पाकिस्तान ने रखा है।

मुख्तार ने एक निजी भारतीय टीवी चैनल से कहा कि हमारे बीच एक संयुक्त जांच तंत्र हो सकता है और अपराधियों को खोजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लखवी से पाकिस्तान के अधिकारी यह जानने के लिए पूछताछ करेंगे कि उसका मुंबई हमलों से कोई संबंध है या नहीं।

मुंबई हमलों के आरोपियों में से पकड़ में आए एकमात्र आतंकी अजमल कसाब से भारतीय जांच एजेंसियों की पूछताछ में लखवी का नाम सामने आया था।

उन्होंने कहा कि हम जल्दबाजी नहीं करेंगे। मुंबई हमलों के संबंध में कथित आरोपियों तक पहुंचने के लिए हमें धीरे-धीरे आगे बढ़ना होगा। हमें सचमुच नहीं मालूम कि वे कौन हैं। हम उन्हें तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। हम उन्हें खोज निकालेंगे। उन्होंने कहा कि मुंबई हमलों की साजिश रचने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच बेहतर होते रिश्तों के लिए खतरा हैं।

मुख्तार ने कहा कि प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की अध्यक्षता में कैबिनेट की रक्षा समिति की बैठक में इन सब बातों पर विचार-विमर्श किया गया है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति