समाचार

मुंबई पुलिस आज रिमांड पर लेगी इमरान को

Jan 06, 12:03 am
  Print

लखनऊ। लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी इमरान को रिमांड पर हासिल करने के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच दल सोमवार को लखनऊ पहुंच गया है। हालांकि इमरान को रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को ही विधिक कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित था लेकिन अवकाश के कारण ऐसा नहीं हो सका।

अपर पुलिस महानिदेशक कानून- व्यवस्था बृजलाल ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच मंगलवार को इमरान को ट्रांजिट रिमांड पर हासिल करने के लिए विधिक कार्यवाही करेगी। रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में बीते फरवरी माह में एसटीएफ द्वारा लखनऊ से ही पकड़े गए लश्कर के आतंकियों में शामिल इमरान इस समय लखनऊ जेल में निरुद्ध है।

इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच आतंकी फहीम को रिमांड पर हासिल कर चुकी है। फहीम से मुंबई में बीती 26 नवंबर को हुए आतंकी हमले के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है। इमरान से भी इसी संदर्भ में पूछताछ होनी है। ऐसा इसलिए कि लश्कर के मुंबई हमले के लिए फहीम को बीते जनवरी माह में मुंबई रेकी करने के लिये भेजा गया था।

सूत्र बताते हैं कि मुंबई पर आतंकी हमला काफी पहले ही होना था और इस साजिश में फहीम व अन्य आतंकियों को भी शामिल होना था। लेकिन फहीम व अन्य पहले ही गिरफ्तार हो गए थे। फहीम को जब गिरफ्तार किया गया था तब उसके पास से मुंबई के कई नक्शे भी बरामद हुए थे।

मुंबई पुलिस ने बीते दिनों जब फहीम से पूछताछ की तो उससे मिली जानकारी के आधार पर इमरान को भी रिमांड पर लेने का निर्णय लिया गया।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति