पुंछ में छठे दिन भी मुठभेड़ जारी

 
Jan 06, 03:33 pm

जम्मू। जम्मू कश्मीर में पुंछ जिले के भाटीधार जंगल में मंगलवार छठे दिन भी मुठभेड़ जारी है। सेना का कहना है कि वह जंगल में छिपे आतंकियों को निकालने के लिए वेट एंड वाच की नीति अपना रही है।

मंगलवार सुबह गोलीबारी हुई लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घने जंगल, कोहरे और गुफानुमा ठिकानों की वजह से आतंकियोंके लिए यहां छिपना आसान हो गया है। इसे देखते हुए हम वेट एंड वाच की नीति अपना रहे हैं। हमने पूरे इलाके को घेर लिया है और उन्हें होने वाली आपूर्ति रोक दी है। उन्होंने कहा कि हमें देखना है कि अन्न और पानी के बिना वह कितने दिन तक रह पाते हैं। उन्हें बाहर आ कर लड़ना या आत्मसमर्पण करना ही होगा। उन्होंने बताया कि ठंड, कोहरा घने जंगल और विषम भौगोलिक स्थितियों के कारण अभियान पूरी सावधानी के साथ चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते कि हमें कोई गहरा नुकसान उठाना पड़े।

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों से मिली खबरों के अनुसार जंगल में करीब सात आतंकी छिपे थे जिनमें से चार ढेर हो चुके हैं। इस दौरान सुरक्षा बलों के तीन कर्मी भी शहीद हुए हैं।

अधिकारी ने बताया कि घाटियों जैसे इस भूभाग में कई प्राकृतिक गुफाएं हैं जहां छिपना आतंकियों के लिए आसान है। बहरहाल उन्होंने इलाके में बंकर होने से इंकार कर दिया।

पुंछ रेंज के डीआईजी कमाल सैनी ने कहा कि खबर है कि आतंकियों ने खाद्य सामग्री का संचय कर रखा है। हमें उन स्थानों से कुछ साहित्य और दस्तावेज मिले हैं। आतंकियों के पास टिन की एक शीट है जिससे उन्होंने गुफा को छिपा रखा है। घाटीनुमा भूभाग और घना जंगल होने की वजह से अभियान में दिक्कत हो रही है। दृश्यता भी अत्यंत कम है।

यह मुठभेड़ एक जनवरी को शाम चार बजे शुरू हुई थी और अब तक जारी है। सेना के अधिकारी ने बताया कि गुफानुमा ठिकानों में छिपे आतंकियों के सफाये के लिए लगातार हमले किए जा रहे हैं।

अधिकारी के अनुसार सेना ने आतंकियों की बातचीत को बीच में पकड़ा [इंटरसेप्ट किया] जिससे पता चला कि ठिकाने में जैश-ए-मोहम्मद अल बद्र और लश्कर-ए-तैयबा के कुछ शीर्ष कमांडर छिपे हुए हैं। उन्होंने बताया कि हम उन्हें भागने नहीं देंगे। आतंकियों के शव मिलने के बाद अभियान खत्म होगा।

रोमियो फोर्स की 29 वीं यूनिट 26 राष्ट्रीय रायफल्स और जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के अलावा विशेष बल की पैरा यूनिटों के अधिकारी तथा कुछ अतिरिक्त जवान भाटीधार जंगल पहुंच चुके हैं।

अभियान में तीन सुरक्षा कर्मियों जेसीओ सूबेदार राकेश कुमार, नायक पी के सिंह और विशेष पुलिस अधिकारी नरेश कुमार सहित सात व्यक्ति अपनी जान गंवा चुके हैं। उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल डी के काचरी ने बताया कि अभियान में चार आतंकी मारे जा चुके हैं लेकिन अब तक उनके शव बरामद नहीं हुए हैं।

पुलिस ने आतंकियों को छिपने में कथित तौर पर मदद करने के आरोप में भाटीधार से एक सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षक मुजफ्फर शाह को गिरफ्तार किया है। मेंढर में थारा गांव से मुनीजा बेगम नामक एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। यह महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है और एक अप्रवासी भारतीय मोहम्मद शफीक की पत्नी है। उस पर आतंकियों की कथित तौर पर सहायता करने का आरोप है।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(17) वोट का औसत

average:4.82353
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित