पाक की सरजमीं में ही जमे हैं आतंकी

 
Nov 02, 10:57 pm

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। रावलपिंडी में सोमवार को हुए आतंकी हमलों ने अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के उस बयान की पुष्टि कर दी है जिसमें उन्होंने कहा था कि पाक की सरजमीं पर आतंकी संगठन न केवल मौजूद हैं बल्कि पूरी तरह सक्रिय भी हैं। अपनी इस टिप्पणी के साथ हिलेरी के पाक से रवाना होने के कुछ घंटों बाद ही आतंकी हमलों से इसका प्रमाण भी मिल गया। अमेरिका इसे पाक की सरजमीं में ही पनप रहे आतंकी संगठनों की करतूत के तौर पर देख रहा है। अगर पाक ने इस घटना में तालिबान का हाथ बताया है तो भी अमेरिका यह मान रहा है कि ऐसे हमले को स्थानीय आतंकी नेटवर्क की मदद जरूर मिली होगी।

अपने यहां हो रहे आतंकी हमलों में सीमा पार से मदद मिलने का आरोप लगा पाक ने हमेशा भारत पर अंगुली उठाने की कोशिश की है। पाक ऐसा दुनिया का ध्यान अपनी सरजमीं पर सक्रिय आतंकी संगठनों से हटाने के लिए भी करता रहा है। यही वजह है कि तालिबान को भारत से वित्तीय मदद मिलने की तोहमत पाकिस्तानी आतंरिक सुरक्षा मंत्री रहमान मलिक ने मढ़ी थी। उनका इशारा एक तरह से पाक पर हमलावर हो रहे तालिबान को भारत की शह मिलने की तरफ था।

लेकिन अब हिलेरी का यह कहना कि पाक में आतंकी संगठन मौजूद हैं, भारत के लिए कूटनीतिक लिहाज से फायदे की बात है। सूत्रों के अनुसार हिलेरी का गुस्सा पाक पर इसलिए भी फूटा था क्योंकि अल कायदा के बारे में पूछे जाने पर इस्लामाबाद के नेताओं ने उनसे यही कहा था कि उनके यहां आतंकवाद सीमा पार से हो रहा है। अमेरिका पहले भी कह चुका है कि तालिबान को अल कायदा की मदद मिलती रही है। भारतीय कूटनीतिकार मानते हैं कि अल कायदा या दूसरे संगठन के आतंकियों के बारे में जानकारी दबाने को लेकर पाक पर अमेरिकी आरोपों का हमला अब और तेज हो सकता है।

गौरतलब है कि हिलेरी ने कहा था कि पाक की नागरिक सरकार को यह नहीं मालूम कि अल कायदा का नेतृत्व कहां है। जाहिर है उन्होंने यह बात जोर देकर यह रेखांकित करने के लिए भी कही थी कि ऐसी सरकार नागरिकों के प्रति जिम्मेवार होती हैं और इस लिहाज से उन्हें आतंकी संगठनों के पते ठिकानों का खुलासा करने में जरा सी भी हिचक नहीं दिखानी चाहिए।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:4.666666
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित