
वाशिंगटन। अमेरिका की एक महिला मनोवैज्ञानिक ने खास तरह का अंत:वस्त्र [ब्रा] तैयार किया है। इसकी खासियत है कि यह चर्बी जमने से रोकता है। दावा है कि इसके पहनने से चर्बी कम करने के लिए कराए जाने वाले आपरेशन की जरूरत नहीं रह जाती। इसकी एक और खास बात यह है कि इसे पुरुष भी पहन सकते हैं, लेकिन उन्हें महिलाओं की तुलना में कीमत थोड़ी ज्यादा चुकानी होगी।
डा. कैरिन हार्ट अपने इस खास अंत:वस्त्र के बारे में बताती हैं कि इसे पहनने से कमर के नीचे, पिछले हिस्से पर चर्बी नहीं जमेगी। इस अंत:वस्त्र में लगी पट्टियां केवल कंधे पर नहीं, बल्कि कमर और पीछे की ओर इसके निचले हिस्से पर भी पहनी जाती हैं।
डा. हार्ट बताती हैं कि यह खास अंत:वस्त्र बनाने का ख्याल उन्हें निजी जरूरत के चलते आया। वह बताती हैं कि एक दिन अपने आप को शीशे में निहारते हुए उन्हें अहसास हुआ कि पीछे की ओर उनकी कमर के निचले हिस्से पर काफी चर्बी जम गई थी। उन्होंने सर्जरी से इतर, इसका कोई उपाय तलाशने का संकल्प लिया। वह किसी ऐसे वस्त्र के बारे में सोचने लगीं, जिसे पहनने से वैसा ही फायदा हो जैसा कि चर्बी हटाने के लिए करवाए जाने वाले आपरेशन से होता है। इसी सोच के फलस्वरूप अंतत: यह खास अंत:वस्त्र तैयार हुआ।
डा. हार्ट बताती हैं कि उन्होंने चिपकने वाला टेप खरीदा और शीशे की मदद से शरीर पर टेप को अलग-अलग चिपका कर देखा। यह पता लगाने के लिए कि किस जगह पट्टी फिट होने पर चर्बी जमा होने से रोकने में सबसे ज्यादा मदद मिलेगी। बाद में इसी आधार पर उन्होंने अंत:वस्त्र तैयार किया।
डा. हार्ट ने अपनी इस ईजाद को बट ब्रा नाम दिया है। उन्होंने इसका पेटेंट भी करवा लिया है। वह अपनी कंपनी में इसे बनवाती हैं और 15 डालर [करीब 650 रुपये] में एक के हिसाब से बेचती हैं। उन्होंने पुरुषों के पहनने के लिए भी इस तरह का अंत:वस्त्र तैयार किया है, लेकिन इसकी कीमत 20 डालर [करीब 850 रुपये] रखी है।