
बीजिंग। यूरिनल यानी पेशाब घर में एक्वेरियम! सुन कर अजीब लग सकता है, लेकिन चीन के एक कारोबारी ने अपने होटल में कुछ ऐसा ही इंतजाम करवाया है। इसके लिए उसकी खूब आलोचना हो रही है, लेकिन होटल मालिक हर तर्क को खारिज कर रहा है।
एक अखबार में छपी खबर के मुताबिक विशेषज्ञों का कहना है कि यूरिनल में मछलियां रखना उनकी जान के लिए ठीक नहीं है। यही नहीं, वे इसे चीन में मछलियों के प्रति सम्मान रखने की संस्कृति का भी उल्लंघन बता रहे हैं। लेकिन होटल मालिक का कहना है कि मछलियों को जिस पानी में रखा गया है, उसे रोज दो बार बदला जाता है। साथ ही, उसमें आक्सीजन भी मिलाई जाती है। और पानी स्थिर भी नहीं रहता, उसका बहाव लगातार बना रहता है। इस तरह देखा जाए तो मछलियां वैसे ही रखी गई हैं, जैसे तालाबों में रखी जाती हैं। होटल मालिक का यह भी तर्क है कि मेहमान ये मछलियां देख कर काफी खुश होते हैं। फिर मालिक का यह भी कहना है कि इन मछलियों का इस्तेमाल भोजन में तो किया नहीं जाता, फिर क्यों आपत्ति की जा रही है?
लेकिन होटल के मेहमान यह देखकर हैरत में पड़ जाते हैं कि जहां मछलियां रखी गई हैं, वहीं ऊपर लिखा हुआ है- यहां पेशाब करें। एक मेहमान वैंग कहते हैं, अगर यह निर्देश नहीं लिखा होता तो मैं तो यही समझता कि इस जगह मछलियां पाली जाती हैं। लेकिन मेहमानों को मजा भी आ रहा है। एक मेहमान सुन कहते हैं कि वह दोबारा उस बाथरूम का इस्तेमाल करना चाहेंगे।