
लंदन। यहां एक बाइकर ने अपनी तरफ से तमाम बाइकर्स के लिए एक खास तोहफा तैयार किया है। आर.आर. बिडिस 15 साल की उम्र से ही बाइकर रहे हैं। अब 54 साल के हो चुके बिडिस ने अंतिम यात्रा पर ले जाने के लिए एक खास मोटरसायकिल तैयार की है। उन्हें उम्मीद है कि बाइकर्स उनके इस आविष्कार को अन्यथा नहीं लेंगे और इसका खुल कर स्वागत करेंगे।
बिडिस ने जो मोटरबाइक बनाई है, उसमें शीशे लगे हैं और ताबूत रखने के लिए स्टील का डेक बना हुआ है। इस तिपहिये मोटरबाइक पर शवयात्रा में शामिल कुछ लोगों के बैठने की भी व्यवस्था है। इसमें 1400 सीसी का इंजन लगाया गया है और इसकी कीमत करीब 18 हजार पाउंड [करीब 12.50 लाख रुपये] पड़ेगी।
हैलीफैक्स में पेलन बैप्टिस्ट चर्च में मंत्री रहे बिडिस का कहना है कि उन्होंने यह मोटरबाइक इसलिए तैयार की क्योंकि वह चाहते थे कि बाइकर्स को अपनी अंतिम यात्रा अपनी मर्जी से निकालने की सुविधा होनी चाहिए। उनके ख्याल में बाइकर्स के लिए शायद ही इससे अच्छा कुछ हो कि उसकी आखिरी यात्रा मोटरबाइक पर निकाली जाए।