
भोपाल। सुनील दीक्षित बालीवुड की मशहूर अदाकारा माधुरी दीक्षित के इस कदर दीवाने हैं कि लोग उन्हें माधुरी कहकर बुलाने लगे हैं। माधुरी से जुड़ी हर जानकारी के साथ उनकी तस्वीरें जुटाना टेलीफोन बूथ चलाने वाले 38 साल के सुनील का शौक है।
लगभग डेढ़ दशक पहले सुनील ने माधुरी दीक्षित की तेजाब फिल्म देखी। इस फिल्म में माधुरी की अदाकारी सुनील को इतनी पसंद आई कि वह उनके दीवाने हो गए। माधुरी की कोई भी फिल्म उनसे नहीं छूटी है।
सुनील के टेलीफोन बूथ में माधुरी की सौ से अधिक तस्वीरें हैं। अलग-अलग अदाओं वाली माधुरी की ये तस्वीरें हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचती हैं। माधुरी के प्रति सुनील की दीवानगी को देखते हुए दोस्तों ने भी उनकी खूब मदद की। उनके दोस्त जब भी माधुरी के नए पोस्टर को देखते, उसे सुनील के लिए खरीद लेते। सुनील हम आपके हैं कौन वाली माधुरी की हंसी के कायल हैं।
सुनील की यह दीवानगी आजा नचले के वक्त चर्चा का विषय बनी। उन्होंने यह फिल्म अपने दो सौ से अधिक मित्रों के साथ देखी। फिल्म देखने के लिए वह सिनेमा घर तक बैंड-बाजे के साथ गए। लेकिन उन्हें अफसोस है कि माधुरी से मिलने की उनकी ख्वाहिश अब भी अधूरी है।