
वियना। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि बीयर से भरा स्विमिंग पूल हो और उसमें आप नहा रहे हों। पीने के शौकीन तो सोच रहे होंगे कि अगर बीयर से भरा स्विमिंग पूल मिले तो नहाएंगे बाद में, पहले पेट भरके बीयर पीयेंगे। आपकी यह कल्पना हकीकत का रूप से सकती है। लेकिन इसके लिए आपको जाना होगा आस्ट्रिया।
जी हां, आस्ट्रिया के स्टारकेनबर्ग के एक हेल्थ स्पा में 42 हजार पिंट [करीब 24 हजार लीटर] बीयर के प्रयोग से स्विमिंग पूल बनाया गया है। मजे की बात यह है कि इस स्विमिंग पूल में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए धर्मगुरु भी डुबकी लगा रहे हैं। स्पा के मालिकों का दावा है कि बीयर त्वचा संबंधी कई बीमारियों का निदान करने के साथ रक्त संचार को भी दुरुस्त करती है। इसके अलावा शरीर के घावों को भी जल्द भरती है। 13 फुट लंबे इस स्विमिंग पूल में आपकी फरमाइश पर बीयर को गर्म या ठंडा किया जा सकता है। इसमें नहाने वाले बीयर पीने की कोशिश कर सकते हैं। वहां के 23 वर्षीय बारमैन मार्कस अमान ने बताया, मैंने भी इस स्विमिंग पूल में नहाने का आनंद लिया और यह काफी शानदार है।
उन्होंने कहा, यह पूल निश्चित ही आपकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान कर सकता है। बशर्ते कि इसमें आप नहाने के इरादे से जाएं न कि पीने के इरादे से। स्पा के प्रवक्ता डिर्क वोक ने बताया, यह आपकी त्वचा के रोमछिद्रों को खोल देता है। नहाने के 15 मिनट बाद आपको काफी बेहतरीन महसूस होता है। जर्मनी के पूर्वी इलाके में एक कंपनी ने भी ऐसे ही बाथ टब बनाए हैं। इस टब में आप अपने घर में बीयर स्नान का आनंद ले सकते हैं।