
बीजिंग। अब आप इसे क्या कहेंगे। इमारत की खूबी या खामी। चीन में ग्वांसी शहर के एक अपार्टमेंट में दो इमारतों के बीच सिर्फ एक फुट की खाली जगह छोड़ी गई है, जो बहुत ही कम है। अच्छी बिल्डिंग में यह फासला ज्यादा होता है। लेकिन बिल्डिंग की यही खामी उसकी खूबी में बदल गई।
अगर यह जगह चौड़ी होती तो बच्चा उसमें फंसता नहीं बल्कि नीचे गिरता चला जाता और शायद मर जाता। एक बच्चा इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित अपने घर की खिड़की से गिरा और दो इमारतों के बीच की सकरी जगह में फंस गया। यह जगह इतनी कम थी कि बचाव दल का कोई भी कर्मचारी यहां पर नहीं घुस सकता था। उधर, बच्चा अपने को बचाने के लिए ऊपर चढ़ने की कोशिश करता वह नीचे फिसल जाता।
दमकल विभाग के एक कर्मचारी ने बताया, हम बच्चे को केवल एक सकरे से रोशनदान के जरिए ही छू सकते थे। हमने सोचा कि इस रोशनदान को ही चौड़ा करके बच्चे को खींच लिया जाय। पांच घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार उस रोशदान को चौड़ा करके बच्चे को बचा लिया गया। उसके शरीर में पारी की कमी न होने पाए, इसके लिए मेडिकल टीम के कर्मचारी ड्रिप के जरिए उसको लगातार पानी देते रहे। उसके शरीर पर मामूली खरोंचों के अलावा कोई गंभीर चोट नहीं आई है।