
लंदन। कैसा हो अगर कार चलाने में रोबोट आपकी मदद करे। आप सोच रहे होंगे कि रोबोट तो आपरेशन करता है, मशीनों को संचालित करता है, क्या अब कार भी चलाएगा। जी हां, एडा नाम का यह रोबोट कार में बैठकर आपको रास्ता दिखाएगा। इसके साथ ही हर वह काम करेगा जो आपके सफर को सुहाना बनाएगा। फिर आपके रास्ते भी हंसते-हंसते कट जाएंगे।
वह कार के डैशबोर्ड पर बैठकर आपको यातायात की व्यस्तता के आधार पर सही रास्ते के बारे में बताएगा। एडा को यह भी पता होगा कि आपकी कार में कितना पेट्रोल बाकी है और आपको कब भरवाना है। वह आपको पिकनिक मनाने के लिए सही जगह के बारे में भी बताएगा। अमेरिका के मेसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी [एमआईटी] और कार कंपनी वोक्सवागन की साझा परियोजना के तहत विकसित किया गया एडा एक मानीटर के द्वारा ड्राइवर को निर्देशित करेगा।
यह कोई आम रोबोट नहीं बल्कि संवेदनाओं से भरी हुई एक शानदार मशीन है, जो कि आपके बुरे दिनों में सहानुभूति भी जताएगा। एमआईटी पर्सनल रोबोट ग्रुप की निदेशक सिंथिया ब्रेजील के कहा, यह रोबोट ड्राइवर के हाव-भाव देखकर उसके मन के बारे में जानने के लिए बनाया गया है। एडा एक हफ्ते में आपकी दिनचर्या और आपके गंतव्यों के बारे में जान जाएगा। उसके बाद वह आपको बताएगा कि आपके प्रतिदिन जाने वाले किस रास्ते पर अधिक ट्रैफिक है और किस रास्ते से आपको जाना चाहिए।
मौसम की जानकारी देने के अलावा यह रोबोट आपको दुनिया और व्यापार जगत की हलचलों से भी अवगत कराएगा। एडा गाड़ी चलाने के बेहतर तरीकों और ईधन बचाने के उपायों के बारे में भी बताएगा।