
लंदन। शादी की सालगिरह हर किसी के लिए खास मौका होता है। लेकिन ऐसे अवसर पर कुछ उल्टा-सीधा हो जाए तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है। ब्रिटेन के टोनी और एमी दंपती के साथ कुछ ऐसा ही हुआ।
शादी की पहली सालगिरह मना रहे टोनी और एमी महज इसलिए केक नहीं काट पाए क्योंकि यह प्लास्टिक का बना था।
टोनी और एमी ने पिछले साल साइप्रस में शादी रचाई थी। शादी की पहली सालगिरह के मौके पर दोनों ने कई दोस्तों को बुलाया था। इसके लिए उन्होंने 270 पौंड [लगभग 22 हजार रुपये] का केक मंगाया था। जश्न की पूरी तैयारी थी। लेकिन ऐन मौके पर सब कुछ ठंडा पड़ गया। टोनी ने जो केक मंगाया था, वह कटा ही नहीं। क्योंकि वह प्लास्टिक का था।
एमी ने बताया, केक नहीं कटने से हमें काफी धक्का लगा। पूरे परिवार व दोस्तों के सामने हमारी बेइज्जती हुई। सब कुछ अच्छा चल रहा था लेकिन केक की वजह से सारा उत्साह ठंडा पड़ गया। खोजबीन करने पर पता चला कि बेकरी वाले केक को बेक करना ही भूल गए।
बकौल एमी, बेकरी ने अपनी गलती स्वीकारी और कहा कि किसी भी हालत में हम शाम को केक पहुंचा देंगे। लेकिन वह नकली निकला। टोनी ने उपभोक्ता अदालत में दावा किया और उन्हें 310 पौंड [लगभग 25 हजार रुपये] का हर्जाना मिला।