धर्ममार्ग: मन का पंछी

 
Sep 07, 12:50 am

मन कल्पना का अमूर्त पात्र है। मन की तरंगें ही विचारों का प्रवाह बनती है। उसमें पंछी की स्वतंत्र उड़ान की प्रवृत्तिसे कहीं अधिक गति होती है। बुद्धि के लिए मन का आधार अनिवार्य है इसलिए ज्ञान भी मन के रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंचता है। अच्छी-बुरी सभी धारणाएं मन के ओज से अनुप्राणित है। मन को समझना, समझाना, लगाना, रोकना यही अहम् कार्य है। मन का प्रबंध हो गया तो मानो सब कुछ कर लिया। मन की व्याख्या से मन की व्यवस्था अनिवार्य है। मानसिक आराधना उत्ताम संवेग का परिणाम है। चंचल मन को स्थिर करना जीवन का सूत्र है। यदि वह सदैव उड़ता ही फिरा तो मनुष्य बेचैन रहेगा। चैन नहीं तो संतोष कहां? संतोष के अभाव में हर अवगुण शरीर में धीरे-धीरे प्रवेश करते है तब जीवन की यात्रा व्यर्थ मानिए। मन पर अंकुश आवश्यक है। यह ठीक मार्ग पर चले तभी जीने की सार्थकता है। मन को सही रास्ते पर लाने के लिए इसे पंछी की भांति कैद नहीं करना पड़ता। किसी सजा से मन पर अंकुश लगने वाला नहीं है। निरंतर अभ्यास से यह स्वत: बंदी बन जाता है। इसे अनुचर बनाने में ही जीवन की सफलता है।

मन बहकता है, फड़फड़ाता है, अशांत रहता है। अच्छे काम में मन लगता नहीं, बस अवसर पाते ही बुराई की ओर दौड़ पड़ता है। प्रत्येक प्राणी की यही दशा है। यह दशा नहीं दुर्दशा है। मन पर नियंत्रण पाना सबका कर्तव्य है, अन्यथा निरंकुश मन पग-पग पर बाधाएं उत्पन्न करेगा। जीवन से आनंद का संबंध विलुप्त हो जाएगा, केवल बचेगा विषाद और क्षोभ। सो मन को संभालना सबसे बड़ा योग है। वैसे भी योग द्वारा मन को सुधारने की प्रक्रिया आरंभ से ही क्रमागत रहती है। योग माध्यम है योग्य मन के लिए। मन की योग्यता योग से मिलती है। यह मन अपना सही मार्ग चुन ले, तो जीवन में उपस्थित शून्य हट जायेगा। विकार नष्ट होकर सद्गुण स्थान ग्रहण करेगे। सब ओर से प्रकृति अनुकूल बनने लगेगी। मन को सही दिशा देने का प्रयास किया जाए, अन्यथा जीवन के मूल्य आकाश में विलीन हो जाएंगे। इंद्रियों का राजा है मन, जिस पर एक साधक की भांति ही नियंत्रण रखना है। जिसने मन को वश में कर लिया उसने मानो संसार को वश में कर लिया।

[डा. राघवेन्द्र शुक्ल]




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • ज़रा हटके
    Add to My Yahoo! xml
  • संपादकीय
    Add to My Yahoo! xml
  • दृष्टिकोंण
    Add to My Yahoo! xml
  • जागरण यात्रा
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित