समाचार

टेस्ट टीम के हकदार है युवराज: कपिल

Nov 21, 08:30 pm
  Print

जयपुर। पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा है कि पाकिस्तान के खिलाफ बृहस्पतिवार से दिल्ली में शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच में युवराज सिंह का नहीं खेलना दुखद है। कपिल ने कहा कि यदि शाहरुख खान क्रिकेट मैच देखने जाते हैं तो इसमें किसी को तकलीफ नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे क्रिकेट को ही बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर को कालम लिखने का फैसला उन्हें स्वयं करना होगा।

अपने जमाने के इस धाकड़ आलराउंडर ने कहा कि युवराज को टीम से बाहर रखना बुरा लगता है। युवराज को टीम में जगह नहीं मिलने का अफसोस है मगर मुझे अच्छा लगता है कि टीम में उससे ज्यादा बेहतरीन खिलाड़ी हैं, जिसके कारण उन्हे जगह नहीं मिली। कपिल ने कहा, 'युवराज को पहले टेस्ट में नहीं खिलाने के बारे में तो टीम प्रबंधन ही बता सकता है। मगर जब वे बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें मौका मिलना चाहिए।'

इंडियन क्रिकेट लीग [आईसीएल] से जुड़े कपिल ने कहा, 'सीरीज हारने के बावजूद पाकिस्तानी टीम में जोश ज्यादा है।' उन्होंने कहा, 'अनिल कुंबले टीम के नए कप्तान नियुक्त हुए हैं इसलिए उम्मीद करते हैं कि खिलाड़ी अच्छा खेलेंगे। मगर कागज पर अच्छी टीम होना अलग बात है और मैदान पर खेलना दूसरी बात।' इस पूर्व गेंदबाज ने कहा, 'चयनकर्ताओं की बैठक भी खुली होनी चाहिए।'

ट्वंटी 20 के बारे में कपिल ने कहा, 'इसे रोका नहीं जा सकता। लोगों ने इसे पंसद किया है।' पूर्व कप्तान ने कहा, 'ब्रायन लारा ने आईसीएल से करार किया है और वह शीघ्र ही लीग में शामिल होंगे।' उन्होंने कहा, 'हमारा किसी से झगड़ा नहीं है। मैं तो बस इतना जानता हूं कि आईसीएल से क्रिकेट का भला होगा। यदि हम क्रिकेट केभले के लिए कुछ कर रहे हैं तो लोगों को क्यों दिक्कत हो रही है।' उन्होंने कहा, 'वेंगसरकर के कालम लिखने का फायदा है। इससे टीम व अन्य लोगों को ताजा जानकारी मिलती है।'

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति