तीन दिन में ही टीम इंडिया का काम तमाम

 
Apr 05, 06:05 pm

अहमदाबाद। भारतीय बल्लेबाजी के पतन की दर्दनाक कहानी बयां करने वाले दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में भारत को शीर्ष क्रम की एक और असफलता के कारण शनिवार को तीसरे दिन ही दक्षिण अफ्रीका के हाथों पारी और 90 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। वर्ष 1959 के बाद अपनी सरजमीं पर भारत की यह सबसे बड़ी हार है।

भारत ने पहली पारी में 418 रन से पिछड़ने के बाद अपनी दूसरी पारी में 328 रन बनाए। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की अतिरिक्त तेजी के सामने असहाय दिखे जबकि मध्यक्रम में सौरव गांगुली [87], महेंद्र सिंह धोनी [52] और इरफान पठान [नाबाद 43] के संघर्ष से केवल हार ही थोड़ी देर टल पाई। पिछले आठ साल में भारत को पहली बार अपनी सरजमीं पर पारी की हार झेलनी पड़ी। इससे पहले 1999-2000 में दक्षिण अफ्रीका ने ही बेंगलूर में भारत को पारी और 71 रन से हराया था। दक्षिण अफ्रीका ने इस जीत से तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच 11 अप्रैल से कानपुर में होगा।

अपनी सरजमीं पर भारत की यह चौथी सबसे शर्मनाक हार है जबकि 1959 में आस्ट्रेलिया के हाथों दिल्ली टेस्ट में एक पारी और 127 रन की हार के बाद अपने घर में सबसे बड़ी हार है। भारत को पहली पारी में 76 रन पर ढेर करने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार सुबह अपनी पारी सात विकेट पर 494 रन के शुक्रवार स्कोर पर ही समाप्त घोषित कर दी। इस तरह एबी डीविलियर्स 217 रन बनाकर नाबाद रहे।

दूसरी पारी में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही तथा सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग [17] और वसीम जाफर [19] के अलावा श्रीमान भरोसेमंद राहुल द्रविड़ [17] पहले सत्र में ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। लंच के बाद वीवीएस लक्ष्मण [35] के आउट होने से भारत का स्कोर चार विकेट पर 125 रन हो गया जिसके बाद गांगुली और धोनी ने पांचवें विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से डेल स्टेन और मखाया एंटिनी ने तीन-तीन विकेट लिए।

भारतीय बल्लेबाजों के दिमाग पर बड़ी रनसंख्या से पिछड़ने का दबाव था जिसका दक्षिण अफ्रीका ने पूरा फायदा उठाया। सहवाग थोड़े समय के लिए क्रीज पर रहे और उन्होंने स्टेन के पहले ओवर में दो छक्के जड़ने के अलावा एक चौका भी लगाया। उन्हें गेंदबाजी का आगाज करने वाले दूसरे गेंदबाज एंटिनी ने पगबाधा आउट किया। द्रविड़ ने लंबे कद के मोर्ने मोर्केल की शॉर्ट गेंद पर डीविलियर्स को दूसरी स्लिप में आसान कैच थमाया। डीविलियर्स ने इसके अलावा जाफर को भी इसी पोजीशन पर कैच आउट किया। तब बल्लेबाज ने जैक्स कालिस की गेंद पर ढीला शॉट खेला था।

लक्ष्मण ने कुछ खूबसूरत स्ट्रेट ड्राइव जमाए लेकिन वह मोर्केल की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद से छेड़खानी करने के कारण विकेटकीपर को कैच देकर अपनी गलती से आउट हुए। अपनी 45 गेंद की पारी में छह चौके जमाने वाले लक्ष्मण अंपायर टोनी हिल की अंगुली उठ जाने के बावजूद क्रीज पर खड़े रहे लेकिन टीवी रीप्ले से साफ हो गया कि गेंद तब उनके बल्ले को हल्के से छू कर बाउचर के पास पहुंची थी। इस हैदराबादी बल्लेबाज और गांगुली ने चौथे विकेट के लिए 55 रन की भागीदारी की। लंच से आधा घंटे पहले क्रीज पर कदम रखने वाले पूर्व कप्तान गांगुली ने 105वें टेस्ट मैच में अपना 33वां अर्धशतक जड़ा जिसके लिए उन्होंने 86 गेंद खेली।

धोनी जब 18 रन पर थे तब एंटिनी ने स्टेन की गेंद पर उनका कैच छोड़ा। इसके बाद जब वह 24 रन पर थे तब बाएं हाथ के स्पिनर पाल हैरिस की गेंद पर बाउचर ने उन्हें स्टंप करने का मौका गंवाया। गांगुली ने काफी जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की और कुछ आकर्षक शॉट लगाए। इस पूर्व भारतीय कप्तान ने शुरू से ही किसी तरह की ढिलाई न बरतकर साफ कर दिया था कि वह बड़ी पारी खेलने के इरादे से क्रीज पर उतरे है। उन्होंने हर ढीली गेंद को सबक सिखाया लेकिन आखिर में स्टेन की एक फुल लेंथ गेंद पर कदमों का सही इस्तेमाल न करने के कारण पवेलियन लौटना पड़ा।

गांगुली हालांकि अंपायर के इस फैसले से नाखुश थे। स्टेन की गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर बाउचर के पास पहुंची थी लेकिन गांगुली को लग रहा था कि बल्ला गेंद से नहीं बल्कि जमीन पर लगा है जिससे निकली आवाज पर अंपायर की अंगुली उठ गई थी। उन्होंने कुल 149 गेंद खेली और आठ चौके लगाए। धोनी अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद अधिक देर तक क्रीज पर नहीं टिके और एंटिनी की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर ऊंचा कवर ड्राइव लगाने के प्रयास में पहली स्लिप में ग्रीम स्मिथ को कैच दे बैठे। उन्होंने 132 गेंद खेली और अपनी पारी में पांच बार गेंद सीमा रेखा पार भेजी।

पहली पारी में सर्वाधिक नाबाद 21 रन बनाने वाले इरफान पठान ने अच्छी बल्लेबाजी की और 43 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन कप्तान अनिल कुंबले जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और पॉल हैरिस की एक सीधी गेंद पर बोल्ड होकर धोनी के पीछे पवेलियन लौटे। स्टेन ने पिछली पारी की तरह पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने का जिम्मा उठाया तथा हरभजन सिंह [4] और आरपी सिंह [8] को पवेलियन भेजा। एस श्रीसंत [17] ने अपनी संक्षिप्त पारी में एक छक्का जड़कर दर्शकों का कुछ मनोरंजन जरूर किया लेकिन एंटिनी ने उनकी गिल्लियां उड़ाकर दक्षिण अफ्रीका को जीत का जश्न मनाने का वास्तविक मौका दिया।

स्कोर बोर्ड

दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन

भारत पहली पारी 76 रन

जाफर का स्मिथ बो एंटिनी 9

सहवाग बो स्टेन 6

द्रविड़ बो स्टेन 3

लक्ष्मण बो एंटिनी 3

गांगुली बो एंटिनी 0

धोनी का बाउचर बो मोर्कल 14

पठान नाबाद 21

कुंबले बो मोर्कल 0

हरभजन एलबीडब्ल्यू बो स्टेन 0

आर पी का स्मिथ बो स्टेन 0

श्रीसंत बो स्टेन 0

अतिरिक्त: 19

विकेट पतन: 1-16, 2-24, 3-30, 4-30, 5-53, 6-55, 7-55, 8-56, 9-76।

गेंदबाजी

स्टेन 8-2-23-5

एंटिनी 6-1-18-3

मोर्कल 6-1-20-2

दक्षिण अफ्रीका पहली पारी सात विकेट पर 494 रन [घोषित]

स्मिथ एलबीडब्ल्यू बो श्रीसंत 34

मैकेंजी का द्रविड़ बो हरभजन 42

अमला का जाफर बो हरभजन 16

कालिस बो श्रीसंत 132

प्रिंस एलबीडब्ल्यू बो हरभजन 2

डीविलियर्स नाबाद 217

बाउचर एलबीडब्ल्यू बो कुंबले 21

मोर्कल एलबीडब्ल्यू बो हरभजन 1

हैरिस नाबाद 9

अतिरिक्त: 20

विकेट पतन: 1-78, 2-100, 3-101, 4-117, 5-373, 6-439, 7-452।

गेंदबाजी

श्रीसंत 23-4-87-2

आर पी 21-2-81-0

पठान 21.2-3-85-0

हरभजन 40-5-135-4

कुंबले 33-2-78-1

गांगुली 3-0-12-0

भारत दूसरी पारी 328 रन

सहवाग एलबीडब्ल्यू बो एंटिनी 17

जाफर का डीविलियर्स बो कालिस 19

द्रविड़ का डीविलियर्स बो मोर्कल 17

लक्ष्मण का बाउचर बो मोर्कल 35

गांगुली का बाउचर बो स्टेन 87

धोनी का स्मिथ बो एंटिनी 52

पठान नाबाद 43

कुंबले बो हैरिस 5

हरभजन एलबीडब्ल्यू बो स्टेन 4

आर पी का कालिस बो स्टेन 8

श्रीसंत बो एंटिनी 17

अतिरिक्त: 24

विकेट पतन: 1-31, 2-64, 3-70, 4-125, 5-235, 6-268, 7-273, 8-292, 9-306।

गेंदबाजी

स्टेन 23-1-91-3

एंटिनी 16.2-3-44-3

मोर्कल 20-0-87-2

कालिस 10-3-26-1

हैरिस 25-4-68-1




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(15) वोट का औसत

average:3.866668
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित