
नई दिल्ली। गौतम गंभीर और शिखर धवन की जानदार पारियों के बाद अमित मिश्रा के हैट्रिक सहित पांच विकेट की मदद से दिल्ली डेयरडेविल्स ने चार हार के बाद विजय पथ पर लौटते हुए बृहस्पतिवार को इंडियन प्रीमियर लीग 20-20 क्रिकेट मैच में 12 रन से जीत दर्ज करके हैदराबाद डक्कन चार्जर्स की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया।
दिल्ली की इस जीत के नायक आखिर में लेग स्पिनर मिश्रा साबित हुए। पहले उन्होंने एक महत्वपूर्ण साझेदारी तोड़ी तथा बाद में जब अंतिम ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे तब पहली तीन गेंद पर विकेट लेकर लक्ष्मीपति बालाजी के बाद आईपीएल में हैट्रिक बनाने वाले दूसरे गेंदबाज बने। उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट लिए।
सदाबहार गौतम गंभीर और शिखर धवन की जानदार पारियों की मदद से दिल्ली डेयर डेविल्स ने चार विकेट पर 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। डक्कन चार्जर्स की तरफ से शाहिद अफरीदी [33] और रोहित शर्मा [35] ने तूफानी पारियां खेली लेकिन वह अधिक समय तक क्रीज पर नहीं टिक पाए जबकि वेणुगोपाल राव ने भी 18 गेंद पर 34 रन बनाए लेकिन आखिर में उनकी टीम नौ विकेट पर 182 रन तक ही पहुंच पाई।
इस जीत से डेयरडेविल्स के दस मैच में दस अंक हो गए है जबकि डक्कन की यह आठवीं हार है और वह सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है।
इससे पहले गंभीर ने ऐसे समय में 79 रन की पारी खेली जबकि टीम ने कप्तान वीरेंद्र सहवाग का विकेट पहले ओवर में गंवा दिया था। उन्होंने केवल 48 गेंद का सामना किया तथा सात चौके और तीन छक्के लगाए। धवन ने पिछले दो मैच के लचर प्रदर्शन से उबरते हुए 52 गेंद पर नाबाद 68 रन बनाए जिसमें आठ चौके शामिल है। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी करके आईपीएल में अपना ही पिछला रिकार्ड तोड़ा।
सहवाग ने चार्जर्स के खिलाफ पहले मैच में नाबाद 94 रन की धमाकेदार पारी खेली थी लेकिन आज जब डेयर डेविल्स टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी तो वह विजय कुमार के पहले ओवर में ही आफ स्टंप से बाहर उठती गेंद पर खुद को स्लैश करने से नहीं रोक पाए और प्वाइंट बाउंड्री पर आरपी सिंह को आसान कैच दे बैठे। सहवाग इस बार खाता भी नहीं खोल पाए। गंभीर ने दिल्ली को इस झटके से उबारने का बीड़ा उठाया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वेणुगोपाल राव पर मिड आफ में चौका जड़ने के बाद एक रन लेकर आईपीएल में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इसके लिए 34 गेंद खेली तथा सात चौके और दो छक्के लगाए। दूसरी तरफ पहले सहयोगी की भूमिका निभाने वाले धवन ने कुछ आकर्षक शॉट जमाए जिनमें वेणुगोपाल राव की गेंद पर रिवर्स स्वीप से प्वाइंट पर जमाया गया चौका भी शामिल है।
गंभीर की शानदार पारी का अंत बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने किया। गंभीर उनकी शॉर्ट गेंद को आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में चूक गए और बाकी काम विकेटकीपर गिलक्रिस्ट ने कर दिया। उन्होंने अपनी पारी में 48 गेंद का सामना किया तथा सात चौके और तीन छक्के लगाए। अपने चपल क्षेत्ररक्षण के लिए मशहूर रोहित शर्मा ने इसके बाद फरवीज महरूफ [19] का आसान कैच छोड़ा जिसके बाद इस श्रीलंकाई आलराउंडर ने आरपी सिंह के इसी ओवर में गेंद को लांग आन पर ही छह रन के लिए भेजा और फिर ओझा की गेंद पर रोहित को ही हवा में लहराता हुआ कैच थमाने से पहले डीप मिडविकेट पर भी छक्का जड़ा। तिलकरत्ने दिलशान [16] ने भी छह गेंद पर दो चौके और एक छक्का जमाया।
स्कोर बोर्ड
दिल्ली डेयरडेविल्स 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन
गंभीर स्ट गिलक्रिस्ट बो ओझा 79
सहवाग का आरपी बो विजयकुमार 0
धवन नाबाद 68
महरूफ का रोहित बो ओझा 19
दिलशान रन आउट 16
मनोज तिवारी नाबाद 4
अतिरिक्त: 8
विकेट पतन: 1-7, 2-140, 3-166, 4-190।
गेंदबाजी
विजय कुमार 4-0-24-1
आरपी सिंह 4-0-50-0
सर्वेश 3-0-24-0
स्टायरिस 4-0-33-0
वेणुगोपाल 2-0-33-0
अफरीदी 1-0-18-0
ओझा 2-0-19-2
डक्कन चार्जर्स 20 ओवर में नौ विकेट पर 182 रन
गिलक्रिस्ट का दिलशान बो मैक्ग्रा 14
अफरीदी का डीविलियर्स [स्था] बो मिश्रा 33
गिब्स बो मिश्रा 22
रोहित बो महरूफ 35
स्टायरिस का डिविलियर्स बो महरूफ 29
वेणुगोपाल का मलिक [स्था] बो मैक्ग्रा 34
रवि का मलिक बो मिश्रा 9
आरपी स्टं कार्तिक बो मिश्रा 1
प्रज्ञान का दिलशान बो मिश्रा 0
विजयकुमार नाबाद 1
सर्वेश नाबाद 1
अतिरिक्त: 3 रन
विकेट पतन: 1-21, 2-71, 3-75, 4-114, 5-154, 6-171, 7-180, 8-180, 9-180।
गेंदबाजी
मैक्ग्रा 4-0-42-2
आसिफ 4-0-51-0
महरूफ 4-0-39-2
मिश्रा 4-0-17-5
भाटिया 4-0-32-0