समाचार

मुंबई ने किया नाइट राइडर्स को पस्त

May 16, 10:21 pm
  Print

मुंबई। तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद सनथ जयसूर्या [48] की आतिशी पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 38वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से पीट दिया। जीत के लिए मिले महज 68 रन के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस ने सिर्फ 5.3 ओवर में पूरा कर लिया।

हालांकि इंडियंस की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और सचिन तेंदुलकर बिना खाता खोले शोएब अख्तर का शिकार बन गए। लेकिन इसका जयसूर्या पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की धुनाई जारी रखी। उन्होंने 17 गेंदों में छह चौकों व तीन छक्कों की मदद से 48 रन ठोक डाले। इंडिंयस की तरफ से दूसरा और अंतिम विकेट रोबिन उथप्पा [10] का गिरा। वह ईशांत की गेंद पर कप्तान गांगुली को कैच दे बैठे।

इससे पहले तेज गेंदबाजी शॉन पोलाक की अगुवाई में इंडियंस ने नाइट राइडर्स की पूरी पारी 15.2 ओवर में समेट दिया। पोलाक ने अहम भूमिका निभाते हुए अपने चार ओवर के स्पेल में 12 रन देकर तीन विकेट लिए। कोलकाता की ओर से सौरव गांगुली व अजीत अगरकर ने 15-15 रन बनाए। पोलाक का पहला शिकार सलामी बल्लेबाज सलमान बट रहे जिनको उन्होंने स्लिप में खड़े तेंदुलकर के हाथों कैच कराया। उन्होंने अपनी पारी में 13 गेंदों पर एक छक्के व एक चौके की मदद से इतने ही रन बनाए। इसके बाद अगली ही गेंद पर आकाश चोपड़ा भी रन आउट होकर पवेलियन चलते बने। अभी तक आईपीएल में सबसे अधिक छक्के जमाने वाले आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविस हसी भी मुंबई के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामना कुछ खुल कर नहीं खेल सके। उन्हे भी पोलाक ने विकेटकीपर योगेश टकावले के हाथों कैच कराया। वह 7 गेंदों पर मात्र 2 रन ही बना सके।

हसी के बाद आए हफीज [5] भी कुछ ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके और शॉन पोलाक की गेंद पर रोबिन उथप्पा को कैच दे बैठे। इसके बाद कोलकाता के बल्लेबाज बिना किसी योजना के खेलते हुए नजर आए। अगले ही ओवर में प्रशांत शाह [1] भी ब्रावो की गेंद पर कप्तान सचिन तेंदुलकर का शिकार बने। वहीं लक्ष्मी रतन शुक्ला [0] को रोहन राजे ने बोल्ड आउट किया। गांगुली और अगरकर ने अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की लेकिन 13वें ओवर में गांगुली थोर्नले की गेंद पर विकेटकीपर टकावाले को कैच थमा बैठे। अगरकर ब्रावो का शिकार बने जबकि ईशांत शर्मा को थोर्नले ने पवेलियन की राह दिखाई। शोएब अख्तर नाइटराइडर्स की ओर से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। उन्हे रोहन राजे ने सचिन के हाथों लपकवाया।

स्कोर बोर्ड

कोलकाता 15.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 67 रन

बट का तेंदुलकर बो पोलाक 13

चोपड़ा रन आउट 1

गांगुली का टकावाले बो थोर्नले 15

हसी का टाकवाले बो पोलाक 2

हफीज का उथप्पा बो पोलाक 5

शाह का तेंदुलकर बो ब्रावो 1

शुक्ला बो राजे 0

अगरकर का तेंदुलकर बो ब्रावो 15

शोएब का तेंदुलकर बो राजे 2

ईशांत का एंड बो थोर्नले 4

डिंडा नाबाद 1

अतिरक्ति: 8

विकेट पतन: 1-16, 2-16, 3-21, 4-28, 5-29, 6-35, 7-55, 8-60, 9-65।

गेंदबाजी

पोलाक 4-0-12-3

नेहरा 3-0-17-0

ब्रावो 3-1-13-2

राजे 2.2-0-16-2

थोर्नल 3-0-7-2

मुंबई इंडियंस 5.2 ओवर में दो विकेट पर 68 रन

जयसूर्या नाबाद 48

सचिन का शाह बो शोएब 0

उथप्पा का गांगुली बो ईशांत 10

थोर्नल नाबाद 1

अतिरिक्त: 10

विकेट पतन: 1-6, 2-48।

गेंदबाजी

शोएब 2-0-29-1

ईशांत 2.3-0-29-1

अगरकर 1-0-5-0

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति