समाचार

आईपीएल में होगा डोप टेस्ट

May 17, 12:26 am
  Print

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग [आईपीएल] में एक-दो दिन के अंदर खिलाड़ियों को बिना बताए उनके डोप टेस्ट किए जाएंगे। इसके लिए आईपीएल प्रशासकों ने आस्ट्रेलिया व स्विटजरलैंड से एंटी-डोपिंग अधिकारियों को आमंत्रित किया है।

उधर, एक खबर के अनुसार पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब के पास से सीरींज मिले हैं। यह सीरींज उनके बैग से कराची एयरपोर्ट पर मिले हैं। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड व बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ललित मोदी ने ऐसी किसी सूचना का खंडन किया है।

प्रतियोगिता से जुड़े एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि हो सकता है कि शनिवार से ही सभी केंद्रों पर खिलाड़ियों को बिना बताए डोप टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक टीम के कुछ खिलाड़ियों से यूरीन के नमूने देने के लिए कहा जाएगा। इस अधिकारी ने बताया कि इन नमूनों को जांच के लिए विदेश स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। साथ ही, रिपोर्ट मिलने तक प्रयोगशाला की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

इस मामले पर विश्व एंटी-डोपिंग एजेंसी [वाडा] के महानिदेशक डेविड होमैन ने बताया कि यह प्रक्रिया वाडा के नियमों के तहत ही लागू होगी। हम प्रयोगशालाओं के नाम का सुझाव नहीं देते, लेकिन निश्चित ही हम इन डोप टेस्टों पर निगाह रखेंगे।

वैसे आईपीएल में भाग ले रहे युवा खिलाड़ियों को उनकी टीम फिजियो और ट्रेनर द्वारा इस बाबत जानकारी दी जा रही है। वे उन्हें उन प्रतिबंधित दवाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं, जिनसे उन्हें जाने-अनजाने में लेने से उनका नुकसान हो सकता है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति