समाचार

लगातार छठी जीत पर मुंबई की नजरें

May 17, 04:28 pm
  Print

हैदराबाद। कोलकाता नाइटराइडर्स को रौंदने के बाद मुंबई इंडियंस रविवार को होने वाले आईपीएल मैच में यहां मेजबान डक्कन चार्जर्स को हराकर लगातर छठी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।

मुंबई इंडियंस ने पिछले दो मैचों में सनथ जयसूर्या की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत आसान जीत दर्ज की है और सचिन तेंदुलकर की अगुवाई वाली टीम राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर डक्कन चार्जर्स के खिलाफ इसी प्रदर्शन को दोहराते हुए सेमीफाइनल की ओर एक और कदम बढ़ाना चाहेगी। पिच को बल्लेबाजों के अनुकूल माना जा रहा है और अगर मुंबई की टीम टॉस जीतती है तो अपने मजबूत बल्लेबाजी क्रम के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी। जयसूर्या और तेंदुलकर की सलामी जोड़ी के अलावा मेहमान टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार रोबिन उथप्पा और वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो पर होगा।

टीम का गेंदबाजी आक्रमण भी संतुलित नजर आता है। पिछले मैच में तीन विकेट लेकर नाइटराइडर्स की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ने वाले शॉन पोलाक के अलावा आशीष नेहरा और ब्रावो पर भी गेंदबाजी का दारोमदार है। मुंबई की टीम ने नौ में से पांच मैच जीते हैं और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उसे बाकी बचे पांच मैचों में से कम से कम तीन में जीत दर्ज करनी होगी।

एडम गिलक्रिस्ट के नेतृत्व में डक्कन चार्जर्स इस मैच के जरिए खोई प्रतिष्ठा वापस पाना चाहेगा क्योंकि टीम अपने घरेलू मैदान पर अब तक एक भी मैच जीतने में सफल नहीं हो सकी है। एडम गिलक्रिस्ट, रोहित शर्मा, हर्शल गिब्स, शाहिद आफरीदी, स्कॉट स्टॉयरिस और वेणुगोपाल राव जैसे स्टार खिलाड़ियों से सुसज्जित बल्लेबाजी क्रम का दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन के बाद मनोबल बढ़ा हुआ होगा। डक्कन को अगर अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत दर्ज करनी है तो गेंदबाजी विभाग में आरपी सिंह, चमिंडा वास, स्टॉयरिस और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति