लायड बने आईसीसी क्रिकेट समिति के चेयरमैन

 
Jul 03, 10:13 pm

दुबई। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्लाइव लायड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद [आईसीसी] क्रिकेट समिति में सुनील गावस्कर की जगह अध्यक्ष पद संभालेंगे जबकि माइकल बेलोफ आईसीसी आचार संहिता आयोग के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। इस बीच जिम्बाब्वे मसले पर गतिरोध बरकरार है। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था के कार्यकारी बोर्ड की शुक्रवार को फिर से बैठक होगी।

आईसीसी क्रिकेट समिति का पद सुनील गावस्कर के इस्तीफे के बाद से खाली पड़ा था। इसमें पाकिस्तान के माजिद खान भी उम्मीदवार थे लेकिन माजिद के नाम वापस लेने से लायड को क्रिकेट समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों के अनुसार माजिद ने वरिष्ठ अधिकारी सलीम अल्ताफ को बर्खास्त करने और देश में खेल को सही तरीके से संचालित न करने के लिए पीसीबी की कड़ी आलोचना की थी जिसके कारण बोर्ड ने क्रिकेट समिति के अध्यक्ष पद की दौड़ से उनका नाम हटा दिया।

बैठक में जिम्बाब्वे मुद्दे पर बृहस्पतिवार को कोई फैसला नहीं हो सका। इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका इस देश में राजनीतिक संकट के कारण उसे आईसीसी से बाहर करने के लिए दबाव बना रहे हैं जबकि बीसीसीआई की अगुआई में एशियाई गुट जिम्बाब्वे का पक्ष ले रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका ने तो जिम्बाब्वे के साथ द्विपक्षीय संबंध भी समाप्त कर दिए हैं। इसके बाद इंग्लैंड ने भी राबर्ट मुगाबे के फिर से जिम्बाब्वे का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद उसका अनुसरण किया।

जिम्बाब्वे हालांकि टेस्ट क्रिकेट से फिलहाल निलंबित है लेकिन उसकी टीम एक दिवसीय टूर्नामेंट में लगातार भाग ले रही है। आईसीसी के सभी पूर्णकालिक दस देशों की सहमति न बन पाने के कारण कार्यकारी बोर्ड की बैठक एक दिन के लिए बढ़ा दी गई है। इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका को अपना प्रस्ताव पारित करवाने के लिए दो तिहाई बहुमत [दस सदस्यों में से सात मत] चाहिए। यह पता नहीं चला है कि जिम्बाब्वे को इस मसले पर मत देने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। यदि जिम्बाब्वे इस संकट से बचकर आईसीसी का पूर्णकालिक सदस्य बना रहता है तो इंग्लैंड अगले साल होने वाले ट्वंटी 20 विश्व कप की मेजबानी गंवा सकता है क्योंकि ब्रिटिश सरकार संभवत: जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों को वीसा नहीं देगी।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित