द्रविड़ व गांगुली चैंपियंस ट्राफी के संभावितों में नहीं

 
Jul 08, 06:05 pm

मुंबई। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने एक दिवसीय मैचों के लिए युवाओं को प्रोत्साहन देने की अपनी नीति कायम रखते हुए मंगलवार को सितंबर में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के 30 संभावित खिलाड़ियों में पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली को जगह नहीं दी।

क्रिकेट बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने चयन समिति की बैठक के बाद मंगलवार को जिस टीम की घोषणा की उसमें देश के चोटी के चार बल्लेबाजों में से केवल सचिन तेंदुलकर का नाम शामिल है। श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट टीम से बाहर किए युवराज सिंह और इरफान पठान को संभावित खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है। इस सूची में अंडर 19 टीम के कप्तान विराट कोहली, सौराष्ट्र के आलराउंडर रविंदर जडेजा और मुंबई के युवा आलराउंडर अभिषेक नायर और बल्लेबाज अजिंक्या रहाने भी शामिल है।

पैतीस बरस के द्रविड़ और मंगलवार को अपना 36वां जन्मदिन मना रहे गांगुली आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ पिछले साल हुई घरेलू सीरीजों के बाद से वनडे टीम में जगह पाने में नाकाम रहे है। अब तक 600 से अधिक वनडे खेल चुके ये दोनों खिलाड़ी आस्ट्रेलिया में पहली बार त्रिकोणीय सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे।

पिछले महीने बांग्लादेश में त्रिकोणीय सीरीज और पाकिस्तान में रविवार को समाप्त हुए एशिया कप में भी टीम में जगह नहीं पा सके। उन्होंने पहले इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी अपनी टीमों के लिए आइकन खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर खेला था। एक दिवसीय क्रिकेट में 10000 से ज्यादा रन बना चुके इन महान बल्लेबाजों की अनदेखी से चयनकर्ताओं ने फटाफट क्रिकेट में उनके चमकदार कैरियर का लगभग अंत कर दिया है। आस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक जीत के नायक तेंदुलकर को अपेक्षा के अनुरूप संभावित सूची में जगह मिली है।

संभावित खिलाड़ी इस प्रकार है-

महेंद्र सिंह धोनी, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, सचिन तेंदुलकर, जहीर खान, रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, रोबिन उथप्पा, सुरेश रैना, पीयूष चावला, आरपी सिंह, इरफान पठान, ईशांत शर्मा, प्रवीण कुमार, मनप्रीत सिंह गोनी, प्रज्ञान ओझा, पार्थिव पटेल, दिनेश कार्तिक, एस बद्रीनाथ, मोहम्मद कैफ, मनोज तिवारी, अभिषेक नायर, पंकज सिंह, मुरली कार्तिक, विराट कोहली, रविंदर जडेजा, अजिंक्या रहाने, यूसुफ पठान और एस श्रीसंथ।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:5
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित