समाचार

बोल्ट के पसंदीदा क्रिकेटरों में है सचिन

Aug 27, 07:26 pm
  Print

नई दिल्ली। बीजिंग ओलंपिक में अपनी तूफानी गति से ट्रैक को थर्रा देने वाले जमैका के फर्राटा चैंपियन उसैन बोल्ट क्रिकेट के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और क्रिस गेल के भी मुरीद हैं। बीजिंग में तीन विश्व रिकार्ड के साथ तीन स्वर्ण जीतने वाले बोल्ट किशोरावस्था में क्रिकेटर बनाना चाहते थे लेकिन उनके क्रिकेट कोच ने उनकी तेज दौड़ देखने के बाद फैसला किया कि वह ट्रैक एडं फील्ड में अपना भाग्य आजमाएं।

भाग्य को भी शायद यही मंजूर था कि बोल्ट फर्राटा धावक बनें वरना वह एक तेज गेंदबाज बन गए होते और वेस्टइंडीज की टीम में शामिल होते। बोल्ट ने इस वर्ष के शुरू में कहा था, 'मैं जब युवा था तब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था। मेरे क्रिकेट कोच ने मेरी दौड़ देखी और फैसला किया कि मैं ट्रैक एंड फील्ड में अपनी किस्मत आजमाऊं। क्रिकेट सत्र में मैं ट्रेनिंग में अपने भाई की मदद करता था।'

विश्व रिकार्डधारी बोल्ट ट्रैक पर तो तूफानी गति से दौड़ते ही हैं लेकिन साथ ही क्रिकेट भी देखना पसंद करते हैं। वह जमैका के ओपनर क्रिस गेल और सचिन को अपने सबसे दो पंसदीदा बल्लेबाजों में मानते हैं। उनके पंसदीदा क्रिकेटरों की फेहरिस्त में आस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और मैथ्यू हेडन भी शामिल हैं। वेस्टइंडीज में आज भी सबसे ज्यादा पसंद लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर को किया जाता है लेकिन धरती के सबसे तेज धावक बोल्ट के पंसदीदा क्रिकेटर बन जाने के बाद निश्चित रूप से सचिन की वेस्टइंडीज में लोकप्रियता में और इजाफा होगा।

छह फुट पांच इंच लंबे बोल्ट को सचिन की बल्लेबाजी का स्टाइल बहुत पसंद है। सचिन हालांकि लंबाई में बोल्ट से एक फुट छोटे हैं लेकिन क्रिकेट के मैदान में उनका कद सबसे ऊंचा है। सचिन खुद भी गति के काफी शौकीन हैं। उनके पंसदीदा खेलों में फार्मूला वन रेसिंग शामिल है। सचिन की तरफ से बोल्ट की प्रशंसा पर हालांकि अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन निश्चित रूप से सचिन विश्व रिकार्डधारी बोल्ट जैसा प्रशंसक पाने से खुश जरूर होंगे।

बोल्ट हालांकि मानते हैं कि यदि वह धावक नहीं बनते तो वह जरूर वेस्टइंडीज की टीम में खेल रहे होते। हो सकता है कि उनका नाम वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाजों मैल्कम मार्शल, माइकल होल्डिंग, ज्योल गार्नर और इंडी राब‌र्ट्स के साथ शुमार किया जाता लेकिन क्रिकेट के नुकसान से एथलेटिक्स को फायदा हुआ जिससे दुनिया को बोल्ट जैसा महान धावक मिल गया जिसने एक ओलंपिक में 100 मी, 200 मी और चार गुणा 100 मीटर रिले में विश्व रिकार्ड के साथ तीन स्वर्ण जीत लिए।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति