समाचार

कुछ भी हो सकता है: द्रविड़

Oct 11, 11:02 pm
  Print

बेंगलूर। निचले क्रम की शानदार बल्लेबाजी के कारण आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट में वापसी करने के बाद राहुल द्रविड़ ने कहा कि भारत को सकारात्मक रहना चाहिए। टूटती हुई विकेट पर कुछ भी हो सकता है। वहीं आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल जानसन ने कहा कि योजना बनाकर ही वे चार भारतीय बल्लेबाजों को आउट करने में सफल रहे।

द्रविड़ ने 51 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसके बाद हरभजन सिंह और जहीर खान ने आठवें विकेट के लिए धुआंधार 80 रन जोड़कर टीम को मैच में वापसी दिलाई। द्रविड़ ने कहा, 'हरभजन और जहीर की साझेदारी ने हमें उम्मीद की किरण दिखाई है। मैच आगे बढ़ने पर इस विकेट पर खेलना आसान नहीं होगा। आस्ट्रेलिया को तीसरी पारी में बल्लेबाजी करनी है और वह इस समय थके हुए हैं। हम कल भी कुछ रन बना सकते हैं। बेशक हम कुछ पीछे हैं, लेकिन इतने पीछे नहीं हैं कि वापसी न कर सकें। हमने देखा कि माइकल क्लार्क और कैमरून व्हाइट को स्पिन मिल रही थी। हमारे स्पिनर भी ऐसा करने में सफल रहते हैं तो दो दिन रोचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।'

द्रविड़ ने हालांकि स्वीकार किया कि भारतीय बल्लेबाजों को इस असमान उछाल वाली पिच पर खेलने में परेशानी हुई। हम उछाल पर उतना विश्वास नहीं कर पा रहे थे, जितना अच्छी विकेट पर कर पाते। हमें सतर्क होकर खेलना पड़ रहा था, विशेषकर तेज गेंदबाजों के खिलाफ और जब गेंद रिवर्स स्विंग हो रही थी। अपने प्रदर्शन के बारे में द्रविड़ ने कहा, 'मैं अपनी एकाग्रता से काफी खुश हूं। मुझे सीरीज में कुछ अच्छे स्कोर बनाने की उम्मीद है।'

यह पूछने पर कि क्या आस्ट्रेलियाई टीम के लिए टास जीतना फायदेमंद रहा, द्रविड़ ने कहा, 'भारत में ऐसा होता है। विकेट काफी धीमे और कम उछाल वाले होते हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को निश्चित तौर पर थोड़ा फायदा मिलता है।' जहीर और विरोधी विकेटकीपर ब्राड हाडिन के बीच बहस को अधिक तूल नहीं देते हुए द्रविड़ ने कहा कि यह गंभीर नहीं थी।

चार विकेट लेकर भारतीय शीर्षक्रम को तहस नहस करने वाले मिशेल जानसन ने कहा, 'भले ही मेजबान टीम के पुछल्ले बल्लेबाज पहली पारी का स्कोर 300 रन से पार कराने में सफल रहे, लेकिन आस्ट्रेलियाई टीम जीत दर्ज करने की भरपूर कोशिश करेगी। हम सुबह बाकी बचे दो विकेट हासिल करने की कोशिश करेंगे।' जानसन ने कहा, 'पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं है, लेकिन मैं भारत में अपने पहले टेस्ट मैच के प्रदर्शन से संतुष्ट हूं। कड़ी मेहनत और योजना बनाकर खेलने से मुझे कामयाबी मिली।'

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति