टीम लाइनअप में बदलाव करेगे अंगरेज

 
Nov 19, 04:20 pm

लंदन। पहले दो वनडे में भारत के हाथों मिली करारी शिकस्त से हलकान इंग्लैंड के कप्तान केविन पीटरसन ने कहा है कि वह कानपुर में होने वाले तीसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए अपनी गेंदबाजी लाइनअप में बदलाव करने पर विचार कर रहे है।

स्पिनर ग्रीम स्वान और तेज गेंदबाज रेयान साइडबाटम के फिट होने से पीटरसन के पास अब गेंदबाजी में बहुत विकल्प मौजूद हैं। ये दोनों गेंदबाज आखिरी बार इस वर्ष जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम मैच में खेले थे। पीटरसन ने कहा, 'निश्चित रूप से गेंदबाजी लाइनअप में बदलाव पर विचार चल रहा है लेकिन इस बारे में अंतिम निर्णय पिच का मिजाज परखने के बाद ही लिया जाएगा।' स्पिन गेंदबाजी को धार देने के लिए स्वान को समित पटेल के साथ उतारा जा सकता है जबकि लंबे समय से एड़ी की चोट से जूझ रहे साइडबाटम को नई गेंद के साथ गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मिल सकती है।

सात मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बावजूद पीटरसन को उम्मीद है कि उनकी टीम शेष बचे मैचों में अपनी पुरानी रंगत में लौटते हुए सितंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किए गए अपने धमाकेदार प्रदर्शन को दोहराएगी। इंग्लैंड के आईसीसी रैकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज दक्षिण अफ्रीका को पांच मैचों की सीरीज में 4-0 से पीटा था। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हम प्रतिस्पर्धात्मक हो सकते हैं और अपने खेल में लगातार सुधार करते हुए कुछ मैच अपनी झोली में डाल सकते हैं। हम इस सीरीज को जीतने के लिए अपना पूरा दमखम लगा देना चाहते हैं क्योंकि हम ऐसा करने के लिए ही यहां आए हुए हैं।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:2.75
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित