समाचार

विकेटों के पतझड़ से रोचक हुआ पहला टेस्ट

Nov 21, 06:18 pm
  Print

ब्रिसबेन। मिशेल जानसन की अगुवाई में आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड को महज 156 रनों पर समेटते हुए पहले क्रिकेट टेस्ट मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया है। मेजबान टीम की कुल बढ़त 189 रन की हो गई है और उसके चार विकेट शेष है। विकेटों के पतझड़ के दौर में दो दिन के खेल में ही कुल 26 विकेट गिर चुके है।

जानसन ने 30 रनों पर चार और ब्रेट ली, स्टुअर्ट क्लार्क तथा शेन वाटसन ने दो-दो विकेट लेकर किवी टीम का पुलिंदा बांध दिया। इस तरह पहली पारी के आधार पर आस्ट्रेलिया को 58 रन की महत्वूपर्ण बढ़त हासिल हुई जिसे उसने दिन का खेल समाप्त होने तक बढ़ाकर 189 रन कर लिया। आस्ट्रेलिया ने स्टंप्स के समय अपनी दूसरी पारी में छह विकेट खोकर 131 रन बना लिए थे। उस समय ओपनर साइमन कैटिच 67 और विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन छह रन बनाकर खेल रहे थे। हालांकि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज क्रिस मार्टिन ने 52 रनों पर तीन और इयान ओब्रायन ने 23 रन पर दो विकेट लेकर आस्ट्रेलिया की पारी को तगड़े झटके दिए लेकिन कैटिच ने उसे अब तक बिखरने से बचाए रखा है।

दो दिन के खेल में ही मैच रोचक दौर में पहुंच गया है। अगर आस्ट्रेलिया तीसरे दिन के खेल के दौरान 100 रन और जोड़ने में सफल रहता है तो यह मैच उसकी झोली में जा सकता है लेकिन न्यूजीलैंड अगर मेजमान टीम को तीसरे दिन जल्द ही निपटा देता है तो मैच जीतने की उसकी संभावनाएं बेहतर हो जाएंगी।

इससे पहले न्यूजीलैंड ने कल के स्कोर बिना किसी नुकसान के सात रनों से जब आगे खेलना शुरू किया तो उसके ओपनर एलेक्स रेडमंड [3] अपने खाते में कोई इजाफा किए बगैर ही स्टुअर्ट के शिकार बन गए। उनके साथी जेम्स होव [14] भी कुछ समय बाद ली की तेजी के आगे परास्त हो गए। जेसी राइडर [30] ने रोस टेलर [40] के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की लेकिन यह जोड़ी अधिक देर तक टिक नहीं पाई। हालांकि डी फ्लिन [नाबाद 39] एक छोर पर जमे रहे लेकिन दूसरे छोर से विकेटों का पतन लगातार जारी रहा। जानसन ने तीन पुछल्ले बल्लेबाजों का शिकार किया।

पहली पारी के आधार पर 58 रनों की बढ़त हासिल करने वाले आस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसके ओपनर मैथ्यू हेडन पहली ही गेंद पर कैच आउट हो गए। थोड़ी देर बाद कप्तान रिकी पोंटिंग [17] और माइक हसी [0] को ओब्रायन ने निपटा दिया। पहली पारी में शानदार 98 रन बनाने वाले माइकल क्लार्क भी इस बार कुछ नहीं कर सके। लेकिन कैटिच ने अपना संयम बनाए रखा और फिर एंड्रयू सायमंड्स [20] के साथ 56 रन जोड़कर पारी को थोड़ी स्थिरता दी। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। वह 117 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 67 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति