पाक में श्रीलंकाई टीम पर आतंकी हमला

 
Mar 03, 05:26 pm

लाहौर। श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आधुनिक हथियारों से लैस करीब 12 आतंकियों ने मंगलवार को हमला कर दिया जिससे एक अंपायर, एक कोच व छह खिलाड़ियों समेत 15 लोग घायल हो गए और पांच पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग मारे गए। हमले के तुरंत बाद श्रीलंका सरकार ने पाक दौरा रद कर दिया और टीम के खिलाड़ी कभी भी स्वदेश रवाना हो सकते है। इस बीच, सुरक्षाबलों ने लाहौर में दो कार बम निष्क्रिय किए और हथियारों का जखीरा बरामद किया। पाक ने भी विशेष जांच दल गठित करने की घोषणा की।

हमला उस समय हुआ जब श्रीलंकाई टीम दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के लिए गद्दाफी स्टेडियम जा रही थी। आतंकियों ने स्टेडियम के एक किलोमीटर के दायरे में स्थित लिबर्टी चौक में बस पर अलग-अलग दिशाओं से गोलियां चलाई। पीसीबी अधिकारियों ने बताया कि घायल खिलाड़ियों में कुमार संगकारा, अजंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा और थरंगा प्राणविताना शामिल हैं। इस हमले मे संगकारा के कंधे में और थरंगा पराविताना के सीने में गोली लगी है जबकि मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस को मामूली चोट आई है। हमले में पाक के पूर्व टेस्ट खिलाड़ी अहसान रजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूर्व स्पिनर रजा सीरीज में अतिरिक्त अंपायर है। रजा अंपायरों को ले जा रही वैन में सवार थे जो श्रीलंकाई खिलाड़ियों को ले जा रही बस के साथ-साथ चल रही थी। श्रीलंकाई अधिकारियों ने बताया कि इन सबका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

लाहौर के पुलिस प्रमुख हाजी हबीबुर रहमान ने कहा, 'एक खिलाड़ी को पैर में, जबकि दूसरे को सीने में गोली लगी है, हालांकि उनकी जान को खतरा नहीं है। यह आतंकी हमला था और हमलावरों ने राकेट लांचर, हैंड ग्रेनेड और दूसरे हथियारों से हमला किया।' उन्होंने कहा, 'सभी हमलावर भाग निकले हैं। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। वे 12 नकाबपोश बंदूकधारी थे। पुलिस ने करीब 25 मिनट तक उनका मुकाबला किया।' उन्होंने कहा, 'वे प्रशिक्षित आतंकी थे और रिक्शे पर आए थे। उनके पास राकेट, हथगोले और कलाशनिकोव्स थीं।' टीवी चैनलों ने दो बंदूकधारियों की तस्वीरें दिखाई। दोनों के पास राइफल और बैकपैक थे। क्रिकेट टीम की बस का ड्राइवर गोलीबारी शुरू होने के तुरंत बाद निकल गया।

पीसीबी के अध्यक्ष एजाज बट ने कहा, 'हम हालात का जायजा ले रहे हैं। पांच पुलिसकर्मी हमले में मारे गए। स्टेडियम में भी एक धमाका सुनाई दिया। हमलावर अलग-अलग समूहों में फरार हो गए।' पाकिस्तानी टीम के मीडिया अधिकारी ने बताया कि मेजबान खिलाड़ियों को वापस होटल भेज दिया गया है। सूत्रों ने दावा किया कि पुलिस को सोमवार को श्रीलंकाई टीम पर हमले की धमकी मिली थी जिसकी वजह से स्टेडियम जाने के लिए अलग रास्ता चुना गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलावरों ने समीप के बाजार से एक कार छीनने की कोशिश की और वे लिबर्टी चौक से फरार हो गए। श्रीलंकाई टीम की बस को तुरंत गद्दाफी स्टेडियम ले जाया गया जहां टीम के डाक्टर घायल खिलाड़ियों का इलाज कर रहे हैं। श्रीलंकाई टीम को स्टेडियम से बाहर ले जाया जा चुका है और टीम किसी भी वक्त स्वदेश के लिए रवाना हो सकती है। पाक टीम हमले के समय होटल में ही थी। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को होटल नहीं छोड़ने की सलाह दी है।

उधर, श्रीलंका के खेल मंत्री जेमिनी लोकुगे ने कहा, 'स्टेडियम की ओर बढ़ रही टीम को निशाना बनाकर किए गए हमले में हमारे छह खिलाड़ी घायल हो गए। हम इस घटना से बेहद चिंतित है।' मंत्री ने बताया कि समरवीरा और टीम के सहायक कोच के अलावा अन्य सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कप्तान महेला जयवर्धने के पिता ने बताया कि महेला ने लाहौर से अपनी पत्नी को फोन करके बताया है कि हमले में उसके पैर में मामूली चोट आई है। श्रीलंका क्रिकेट [एसएलसी] के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दलीप मेंडिस ने बताया कि समरवीरा और परनाविथराना उस समय घायल हो गए जब वे स्टेडियम में दाखिल हो रहे थे।

पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने श्रीलंकाई टीम पर हुए आतंकी हमले की निंदा की। जरदारी ने हमलावरों की पहचान और उनके मंसूबों का पता लगाने के लिए अधिकारियों को तुरंत जांच शुरू करने को कहा है। गिलानी ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य 'पाकिस्तान का नाम खराब' करना है।

घायल खिलाड़ियों की सूची जारी

-पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में श्रीलंकाई उच्चायोग ने इस हमले में घायल अपने देश के खिलाड़ियों के नाम जारी कर दिए हैं। उच्चायोग के बयान में कहा गया है कि लाहौर में हुए आतंकी हमले में कुमार संगकारा, अजंथा मेंडिस, सुरंगा लकमल और थिलिना तुषारा तथा सहायक कोच पॉल फारब्रेस को गंभीर चोटे आई है। इसके अलावा तिलन समरवीरा और थरंगा पारानाविताना को लाहौर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे खतरे से बाहर है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद समरवीरा और पारानाविताना को स्टेडियम लाया गया और फिर पाकिस्तान सेना के हेलिकाप्टर द्वारा हवाई अड्डे भेज दिया गया। डाक्टरों ने इन दो खिलाड़ियों को सफर की इजाजत दे दी है।

बस पर चारों ओर से हमला किया था

-क्रिकेटरों को ले जा रही बस के ड्राइवर ने बस को तेजी से घटनास्थल से निकाल ले जाने के बाद पत्रकारों को बताया कि आतंकियों ने चारों ओर से बस पर हमला किया। बस के पीछे से राकेट दागा गया जो निशाना चूक गया और बिजली के खंभे से टकरा गया। ड्राइवर ने बताया कि उसने पठानी सूट पहने एक लंबे और दाढ़ी वाले आतंकी को सफेद कार से निकलते देखा जिसने बस पर गोलियां चलाई। दूसरे आतंकी ने एक ग्रेनेड फेंका जो बस के नीचे से निकल गया। उसने कहा, 'बस में लोग चिल्ला रहे थे और खिलाड़ी 'चलो, चलो' का शोर मचा रहे थे। मैंने तेजी से बस भगाई। मैंने तब देखा कि एक श्रीलंकाई क्रिकेटर को पैर में गोली लगी है। हमने एंबुलैंस बुलाकर उसे उसमें भेजा।'

विशेष जांच दल के गठन की घोषणा

लाहौर में श्रीलंका के क्रिकेटरों पर हुए हमले को दोनों देशों के शत्रुओं की करतूत करार देते हुए पाकिस्तान ने कहा कि उसने हादसे की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता द्वारा जारी बयान में कहा गया, 'हमले की पूरी जांच की जा रही है और इस घृणित अपराध को अंजाम देने वाले को नजीर पेश करने वाली सजा दी जाएगी।' जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन कर दिया गया है। इसमें कहा गया, 'इस हमले की साजिश पाकिस्तान श्रीलंका दोस्ती के दुश्मनों ने रची है।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1182) वोट का औसत

average:4.283416
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित