गंभीर ने किया ईशांत का बचाव

 
Oct 06, 03:32 pm

नई दिल्ली। भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने चैंपियंस ट्राफी में लचर प्रदर्शन के लिए आलोचनाओं का शिकार तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि इस युवा गेंदबाज को अपने करियर के अहम समय में आलोचना नहीं समर्थन की जरूरत है।

चैंपियंस ट्राफी के दौरान खराब प्रदर्शन के लिए ईशांत शर्मा और टीम के उनके साथियों की चौतरफा आलोचना हुई थी जब भारत आठ देशों के इस एलीट टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में भी विफल रहा था। लेकिन गंभीर ने कहा, 'इस खराब प्रदर्शन के लिए गेंदबाजों को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए और टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआत खराब मैच का खामियाजा भुगता।' दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान ने चैंपियंस लीग ट्वंटी 20 से पहले कहा, 'चैंपियंस ट्राफी के नतीजे से सिर्फ मैं ही निराश नहीं हूं बल्कि टीम का प्रत्येक सदस्य निराश है। हमने सिर्फ एक खराब मैच खेला और हम टूर्नामेंट से बाहर हो गए।' उन्होंने कहा, 'हम थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे कि हम आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत सकते थे लेकिन यह मैच बारिश की भेंट चढ़ गया।'

गंभीर का मानना है कि दिल्ली के टीम के उनके साथी ईशांत दो साल पहले पदार्पण के बाद से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनमें भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुवाई करने की क्षमता है। गंभीर ने कहा, 'ईशांत काफी क्रिकेट खेल रहा है। वह पिछले दो साल से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। वह सिर्फ 21 बरस का है और मुझे लगता है कि उसे इतनी छूट मिलनी चाहिए। उसकी आलोचना करने की जगह हमें उसका समर्थन करना चाहिए क्योंकि किसी की आलोचना करना काफी आसान होता है।' उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि भविष्य में ईशांत भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेगा। हमें उसका मनोबल बढ़ाने की जरूरत है।'

टीम इंडिया और डेयरडेविल्स टीम में गंभीर के साथी दिनेश कार्तिक ने अपने कप्तान की बात से सहमति जताते हुए कहा, 'सिर्फ एक टूर्नामेंट में भारत की हार को अधिक तूल नहीं देना चाहिए।' उन्होंने कहा, 'हमने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के अलावा टूर्नामेंट में अच्छा क्रिकेट खेला जिसका हमें खामियाजा भुगतना पड़ा। हमें इसके लिए किसी खिलाड़ी या किसी विभाग को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहिए क्योंकि क्रिकेट टीम खेल है।' आस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान पर लगे मैच फिक्सिंग के कथित आरोपों पर गंभीर ने कहा, 'एक क्रिकेटर के रूप में मैं इससे सहमत नहीं हूं।' उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि कोई भी चोटी की टीम ऐसा करना पसंद करेगी। यह खेल और देश की अखंडता से जुड़ा है। अगर आप मुझे पूछो तो मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान ने ऐसा किया होगा। कोई भी पेशेवर क्रिकेटर मैदान पर अपना शत प्रतिशत देना चाहता है।'

चैंपियंस ट्राफी में दिल्ली डेयरडेविल्स की संभावनाओं पर गंभीर ने कहा, 'टीम के निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए हमारी टीम बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार है।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(24) वोट का औसत

average:4.291668
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • क्रिकेट
    Add to My Yahoo! xml
  • टेनिस
    Add to My Yahoo! xml
  • फुटबॉल
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित