
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ 16 नवंबर से शुरू होने वाली तीन टेस्ट, पांच एक दिवसीय और दो ट्वंटी 20 मैचों की घरेलू सीरीज के लिए शुक्रवार को कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
बीसीसीआई के बयान के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट टीम आठ नवंबर को मुंबई पहुंचेगी और 13 नवंबर तक वहीं रुकेगी। इस दौरान वह बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी। श्रीलंकाई टीम 14 नवंबर को अहमदाबाद रवाना होगी जहां 16 नवंबर से पहला टेस्ट मैच शुरू होगा। पहला टेस्ट मैच 20 नवंबर को समाप्त होने के बाद कुमार संगकारा की टीम कानपुर के लिए रवाना होगी जहां 24 नवंबर से दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। मुंबई में दो दिसंबर से तीसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा जिसके बाद मोहाली [नौ दिसंबर] और नागपुर [12 दिसंबर] में दो ट्वंटी 20 मैच खेले जाएंगे।
श्रीलंकाई टीम के इस 51 दिवसीय दौरे के आखिर में पांच एक दिवसीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला मैच 15 दिसंबर को राजकोट में होगा। इसके बाद अन्य मैच विशाखापटट्नम [18 दिसंबर], कटक [21 दिसंबर], कोलकाता [24 दिसंबर] और दिल्ली [27 दिसंबर] में खेले जाएंगे। श्रीलंका की टीम 28 दिसंबर को स्वदेश रवाना होगी।
श्रीलंका टीम के भारत दौरे का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार है:
आठ नवंबर: श्रीलंकाई टीम का मुंबई आगमन।
11 से 13 नवंबर: बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच, बांद्रा कुर्ला परिसर मुंबई में।
14 नवंबर: टीमें अहमदाबाद के लिए रवाना।
16 से 20 नवंबर: पहला टेस्ट, अहमदाबाद।
21 नवंबर: टीमें कानपुर के लिए रवाना।
24 से 28 नवंबर: दूसरा टेस्ट, कानपुर।
29 नवंबर: टीमें मुंबई के लिए रवाना।
दो से छह दिसंबर: तीसरा टेस्ट, मुंबई।
सात दिसंबर: टीमें नागपुर के लिए रवाना।
नौ दिसंबर: पहला ट्वंटी 20, नागपुर।
दस दिसंबर: टीमें चंडीगढ़ के लिए रवाना।
12 दिसंबर: दूसरा ट्वंटी 20 मैच, मोहाली।
13 दिसंबर: टीमें राजकोट के लिए रवाना।
15 दिसंबर: पहला एक दिवसीय, राजकोट।
16 दिसंबर: टीमें विशाखापट्टनम के लिए रवाना।
18 दिसंबर: दूसरा एक दिवसीय, विशाखापट्टनम।
19 दिसंबर: टीमें कटक के लिए रवाना।
21 दिसंबर: तीसरा एक दिवसीय, कटक।
22 दिसंबर: टीमें कोलकाता के लिए रवाना।
24 दिसंबर: चौथा एक दिवसीय, कोलकाता।
25 दिसंबर: टीमें दिल्ली के लिए रवाना।
27 दिसंबर: पांचवां एक दिवसीय, नई दिल्ली।
28 दिसंबर: श्रीलंका टीम स्वदेश रवाना।