
मोहाली। भारत को चौथे वनडे मैच में मिली 24 रन से हार के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन को दोषी ठहराया। जबकि सीरीज में वापसी करने वाले आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने जीत का श्रेय शानदार गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण को दिया।
आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी ने कहा, '250 के स्कोर को बचा लेना वाकई काबिलेतारीफ है।' वहीं धौनी ने भी आस्ट्रेलिया की गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। धौनी ने कहा, 'यह बल्लेबाजी के लिए शानदार विकेट था मगर आस्ट्रेलियाई गेंदबाज बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने 250 के स्कोर पर भी टीम को जीत दिला दी।' ढाई सौ रन का लक्ष्य देकर भारत को 46.4 ओवर में 226 रन पर समेटने के बाद पोंटिंग ने कहा, 'हमारे तेज गेंदबाज और फील्डर अपेक्षाओं पर खरे उतरे। बल्लेबाज 300 रन तक बना सकते थे, मगर चूक गए। हालांकि गेंदबाजों ने इसकी भरपाई कर दी।' रिकी ने कहा, 'सीरीज अब 2-2 से बराबर है और बाकी तीनों मैच काफी महत्वपूर्ण है। हम जीत की लय बरकरार रखना चाहेंगे।'
भारतीय कप्तान धौनी ने कहा, 'मैं अपने गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों के प्रदर्शन से भी खुश हूं। मेरे ख्याल से पिछले डेढ़ साल में यह फील्डिंग में हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। मगर हम बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर सके।'