
नई दिल्ली। चोटों की समस्या से जूझ रही आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को एक और झटका लगा जब मोहाली में भारत के खिलाफ चौथे एक दिवसीय के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान तेज गेंदबाज पीटर सिडल स्वदेश लौटने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।
सीए ने एक बयान में कहा, 'क्रिकेट आस्ट्रेलिया आज पुष्टि करता है कि मोहाली में चौथे एक दिवसीय मैच में सोमवार रात भारत पर जीत के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव का सामना करने वाले तेज गेंदबाज पीटर सिडल आस्ट्रेलिया के भारत दौरे से स्वदेश लौटेंगे।' आस्ट्रेलिया की 24 रन की जीत के दौरान कल रात सिडल ने केवल पांच ओवर गेंदबाजी की और फिजियो केविन सिम्स ने कहा, 'चोट भले ही काफी गंभीर नहीं है लेकिन हम इस तेज गेंदबाज की फिटनेस के साथ जोखिम नहीं लेना चाहते।'
सिम्स ने कहा, 'पीटर की चोट गंभीर नहीं लगती लेकिन इसकी संभावना नहीं है कि वह अगले हफ्ते तक गेंदबाजी कर पाएगा जिसके कारण वह दौरे में आगे हिस्सा नहीं ले पाएगा।' उन्होंने कहा, 'इसे देखते हुए हमने फैसला किया कि पीटर आस्ट्रेलिया लौटेगा जहां क्रिकेट आस्ट्रेलिया का मेडिकल स्टॉफ उसका उपचार करेगा जिससे कि वह आगामी सीरीजों के लिए उपलब्ध रह सके।' सीए का राष्ट्रीय चयन पैनल फिलहाल सिडल के विकल्प पर विचार कर रहा है और इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।
मौजूदा सीरीज में आस्ट्रेलिया को चोटों की समस्या ने काफी परेशान किया है। टीम इस दौरे पर चोटिल उप कप्तान माइकल क्लार्क, नाथन ब्रैकन और ब्रैड हेडिन के बिना आई थी जबकि दौरे के दौरान तेज गेंदबाज ब्रेट ली, आलराउंडर जेम्स होप्स और विकेटकीपर टिम पैनी चोटिल होने के कारण स्वदेश लौट चुके हैं।