
चटगांव। बांग्लादेश ने मंगलवार को चौथे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे को छह विकेट से रौंदकर पांच एक दिवसीय मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली।
जिम्बाब्वे की टीम केवल 44 रन पर ढेर हो गई जो एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों का पांचवां सबसे कम स्कोर है। बांग्लादेश ने 11.5 ओवर में चार विकेट पर 49 रन बनाकर बृहस्पतिवार को होने वाले अंतिम एक दिवसीय मैच से पहले सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली। सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल [22] और जुनैद सिद्दिकी [8] ने 6.3 ओवर में तेजी से 33 रन जोड़कर बांग्लादेश की जीत सुनिश्चित की। जिम्बाब्वे ने पांच रन के भीतर मेजबान टीम के चार विकेट चटकाकर वापसी की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इससे पहले इनामुल हक और साकिब अल हसन ने तीन-तीन विकेट लेकर जिम्बाब्वे की पारी को 24.5 ओवर तक ही चलने दिया। जिम्बाब्वे की तरफ से केवल मैलकम वालेर [13] और स्टुअर्ट मैटसिकेनयारी [11] ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। जिम्बाब्वे ही शुरुआत काफी खराब रही और उसने पहले चार विकेट आठ रन के स्कोर पर ही गंवा दिए जिससे टीम कभी नहीं उबर सकी। एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे कम रन का रिकार्ड जिम्बाब्वे के नाम ही है। वह हरारे में 2004 में श्रीलंका के खिलाफ 35 रन पर सिमट गया था। श्रीलंका ने 2003 में दक्षिण अफ्रीका में हुए विश्व कप में आईसीसी के एसोसिएट सदस्य कनाडा को भी 36 रन पर ढेर कर दिया था।
जिम्बाब्वे 2001 में भी कोलंबो में श्रीलंका के ही खिलाफ 38 रन पर आल आउट हो गया था जो अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय क्रिकेट का तीसरा सबसे कम स्कोर है और अब पांचवां सबसे कम स्कोर भी जिम्बाब्वे के नाम हो गया है।
स्कोर बोर्ड
जिम्बाब्वे 24.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 44 रन
मसाकाद्जा का अशरफुल बो हुसैन 2
वम्र्युलन पगबाधा बो रज्जाक 3
टेलर का एंड बो रज्जाक 0
कोवेंटरी का रहीम बो हुसैन 1
वालेर का हुसैन बो साकिब 13
मैटसिकेंयारी का अशरफुल बो हक 11
चिभाभा बो हक 0
चिगुम्बरा का एंड बो हक 4
क्रेमर नाबाद 7
प्राइस पगबाधा बो साकिब 0
जार्विस का एंड बो साकिब 0
अतिरिक्त: 3
विकेट पतन: 1-2, 2-3, 3-4, 4-8, 5-32, 6-32, 7-36, 8-36, 9-39।
गेंदबाजी
हुसैन 6-2-10-2
रज्जाक 5-0-10-2
हक 7-2-16-3
साकिब 6.5-1-8-3
बांग्लादेश 11.5 ओवर में चार विकेट पर 49 रन
इकबाल का क्रेमर बो प्राइस 22
सिद्दिकी का वम्र्युलेन बो क्रेमर 8
अशरफुल पगबाधा बो प्राइस 0
रकीबुल हसन नाबाद 9
नईम का चिभाभा बो क्रेमर 0
मुशफिकर रहीम नाबाद 2
अतिरिक्त: 8
विकेट पतन: 1-33, 2-33, 3-36, 4-38।
गेंदबाजी
जार्विस 2-0-21-0
चिगुम्बरा 1-0-1-0
मैटसिकेनयारी 2-0-9-0
प्राइस 4-2-5-2
क्रेमर 2.5-0-11-2