
अबुधाबी। शाहिद अफरीदी [70 रन, 2/46] व कामरान अकमल [67] के शानदार प्रदर्शन के बल पर पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे मैच में 138 रन के बड़े अंतर से हरा दिया।
अर्से बाद वनडे में अर्द्धशतक बनाने वाले अफरीदी ने गेंदबाजी में हाथ दिखाते हुए दो कीवी बल्लेबाजों को अपनी घूमती गेंदों का शिकार बनाया। न्यूजीलैंड इस मैच में पाकिस्तान को कही भी टक्कर देता नहीं दिखा और 288 रन के लक्ष्य के आगे घुटने टेकते हुए 149 रन पर उसकी पूरी टीम आउट हो गई। सिर्फ एरोन रेडमंड [52] और कप्तान डेनियल विटोरी [38] ही पाकिस्तानी गेंदबाजों का कुछ हद तक मुकाबला कर सके। पाकिस्तान की ओर से 'मैन ऑफ द मैच' अफरीदी के अलावा उमर गुल, अब्दुल रज्जाक व सईद अजमल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एक विकेट मुहम्मद आमेर की झोली में गया। न्यूजीलैंड के आठ खिलाड़ी दहाई का अंक नहीं छू सके।
इससे पहले शाहिद, अकमल व खालिद लतीफ के अर्द्धशतकों के दम पर पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में नौ विकेट पर 287 रन बनाए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी के यूनुस खान के फैसले के बाद पाक के चार विकेट एक समय 75 रन पर गिर गए थे पर अफरीदी व अकमल ने पारी को संभाला। अकमल ने ज्यादा तेज बल्लेबाजी की। आखिरी 10 ओवर में पाकिस्तान ने 107 रन बटोरे। अफरीदी ने अपनी पारी में तीन छक्के व चार चौके जमाए। उन्होंने लतीफ के साथ पांचवें विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की। इससे पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज शेन बांड ने सलमान बट व यूनुस को खाता खोले बगैर आउट कर दिया था। लतीफ ने तीसरे विकेट के लिए मुहम्मद यूसुफ के साथ 57 रन जोड़े।