
कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड [पीसीबी] और कुछ पूर्व टेस्ट खिलाड़ी कप्तान यूनुस खान की राष्ट्रीय टीम के लिए फिर से ट्वंटी-20 क्रिकेट खेलने की इच्छा करने की टिप्पणी से नाखुश हैं।
पाकिस्तान ने इस वर्ष जुलाई में इंग्लैंड में ट्वंटी-20 विश्व कप जीता था और इसके बाद यूनुस ने टी-20 क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी और कहा था कि वह खेल के इस प्रारूप के लिए काफी उम्रदराज हैं। लेकिन हाल के दिनों में उन्होंने संन्यास से वापसी कर दोबारा ट्वंटी-20 क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई है, जबकि बोर्ड ने शाहिद अफरीदी को अगले साल वेस्टइंडीज में होने वाले विश्व कप के लिए राष्ट्रीय टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया है।
बोर्ड के अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, 'यूनुस टीम में अनबन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट के इतने बड़े संकट से गुजरने के बाद इतनी जल्दी इस तरह के बयान की क्या जरूरत है।' एक अधिकारी ने कहा, 'यह भी किसी से नहीं छुपा है कि शाहिद अफरीदी, मिसबाह उल हक, शोएब मलिक और कुछ अन्य खिलाड़ियों ने चैंपियंस ट्राफी के बाद पीसीबी अध्यक्ष से यूनुस की शिकायत की थी, लेकिन अध्यक्ष ने उन्हें शांत करते हुए यूनुस का इस्तीफा लेने से इनकार कर दिया और उन्हें 2011 में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप तक कप्तान बने रहने के लिए कहा।'