
लाहौर। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड [पीसीबी] के प्रमुख एजाज बट ने उम्मीद जताई है कि अगले वर्ष भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज किसी तटस्थ स्थान पर खेली जा सकती है।
बट ने भारत से लौटने पर संवाददाताओं से कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि भारत और पाकिस्तान अगले वर्ष किसी तटस्थ स्थान पर सीरीज खेल सकते है। मौजूदा हालात में दोनों के बीच क्रिकेट रिश्तों की बहाली का यही एक रास्ता है।' पीसीबी प्रमुख बट एक सप्ताह तक भारत में रहे। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड [बीसीसीआई] और सरकार के अधिकारियों के साथ दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को फिर शुरू करने के बारे में बातचीत की। एक स्थानीय समाचार पत्र के मुताबिक बट ने कहा, 'यह क्रिकेट के हित में है कि दोनों देश अपने क्रिकेट रिश्तों को फिर शुरू करे। बीसीसीआई अधिकारियों एवं अन्य लोगों के साथ हुई मेरी मुलाकातों के बाद मुझे यह उम्मीद है कि अगले वर्ष किसी तटस्थ स्थान पर दोनो देशों में सीरीज संभव हो सकती है।'
पिछले वर्ष 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकी हमलों के बाद दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध टूट गए थे।