
कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को अगले साल के इंडियन प्रीमियर लीग के लिए फिर से कोलकाता नाइटराइडर्स का कप्तान नियुक्त किया गया है। वह न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम की जगह लेंगे।
इस साल तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही विवादों से घिरी इस आईपीएल टीम ने आस्ट्रेलियाई डेव वाटमोर को नया कोच बनाया है जबकि दिल्ली रणजी टीम के कोच विजय दहिया उनके सहायक होंगे। पाकिस्तानी के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम को टीम का मेंटर नियुक्त किया गया। टीम प्रबंधन ने बयान में कहा, 'एंड्रयू लीपस और आंद्रियान ली रॉ को क्रमश: फिजियोथेरेपिस्ट और ट्रेनर नियुक्त किया गया है।' बयान में कहा गया है, 'केकेआर प्रबंधन ने पिछले कुछ सप्ताह में कई बैठकें की जिनमें फ्रेंचाइजी और टीम को आगे बढ़ाने की योजना तैयार करने के लिए चर्चा की गई। टीम के विजन को ध्यान में रखते हुए केकेआर प्रबंधन ने डेव वाटमोर को टीम का नया कोच नियुक्त किया। इस पूरी प्रक्रिया में गांगुली ने अहम भूमिका निभाई।'
गांगुली ने कहा, 'केकेआर नई नियुक्तियों और नई रणनीतियों के साथ अब आगे के रोमांचक और सफल सत्र के लिए तैयार हैं। मैं डेव के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।' केकेआर के पूर्व कोच जान बुकानन ने इस साल दक्षिण अफ्रीका में खेले गए आईपीएल में गांगुली को हटाकर उनके स्थान पर मैक्कुलम को कप्तान नियुक्त किया था। केकेआर प्रबंधन ने टीम के लचर प्रदर्शन के बाद बुकानन को बर्खास्त कर दिया था। केकेआर ने कहा, 'गांगुली को 2010 सत्र में क्रिकेट से जुड़े सारे फैसले लेने की जिम्मेदारी दी जाएगी और वही टीम तैयार करेंगे।'
आईपीएल के पहले सत्र में टीम की अगुवाई करने वाले गांगुली को कोच जान बुकानन से मतभेद के कारण कप्तानी से हटा दिया गया था। वाटमोर की नियुक्ति के बारे में केकेआर के सह मालिक जय मेहता ने कहा, 'डेव न सिर्फ टीम बल्कि हर खिलाड़ी के लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्हें हमारी स्थिति के बारे में पता है और यहां से हम आगे ही बढेंगे।'