
अबुधाबी। फार्म में लौटे सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कुलम के शानदार शतक और आलराउंडर स्काट स्टायरिस के दो ओवर में तीन विकेट की बदौलत न्यूजीलैंड ने दूसरे एक दिवसीय में पाकिस्तान को 64 रन से हरा दिया।
मैक्कुलम की 131 रन की पारी मदद से न्यूजीलैंड के अबुधाबी स्टेडियम की सपाट पिच पर आठ विकेट पर 303 रन बनाए जिसके बाद स्टायरिस [23 रन पर तीन विकेट] ने पाकिस्तान के मध्यक्रम को ध्वस्त कर टीम को 239 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। तीन मैचों की सीरीज अब 1-1 से बराबर है। इससे पहले पाकिस्तान ने पहला मैच 138 रन से जीता था। लक्ष्य का पीछा करने उतरने पाकिस्तान को खालिद लतीफ [45] और सलमान बट [59] ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़कर बेहतरीन शुरुआत दिलाई। न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी ने 17वें ओवर में लतीफ को पगबाधा आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।
बट ने इसके बाद यूनुस खान [19] के साथ दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े लेकिन स्टायरिस ने दस गेंद के अंदर तीन विकेट चटकाकर मैच का नक्शा ही पलट दिया। तेरह माह बाद गेंदबाजी कर रहे स्टायरिस ने लगातार गेंदों पर यूनुस और शाहिद अफरीदी को शार्ट मिड विकेट पर रास टेलर के हाथों कैच कराया जबकि अगले ओवर में उन्होंने कामरान अकमल [4] को पवेलियन भेजा। बट भी इसके बाद रन आउट हो गए। विटोरी ने मोहम्मद यूसुफ [19] को पगबाधा आउट करके पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ाई। शोएब मलिक [26] और अब्दुल रज्जाक [35] ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन यह नाकाफी थी।
इससे पहले मैक्कुलम ने शतक बनाने के अलावा दूसरे विकेट के लिए मार्टिन गुप्टिल [62] के साथ 126 रन की साझेदारी की। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और छठे ओवर में ही एरोन रेडमंड [छह] तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की गेंद पर आउट हो गए। उप कप्तानी से हटाए गए मैक्कुलम ने बेहतरीन शॉट खेलते हुए 128 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और तीन छक्के जड़े। पिछले महीने न्यूजीलैंड के सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज चुने गए गुप्टिल ने 70 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। वह तेज गेंदबाज अब्दुल रज्जाक का शिकार हुए। पहले मैच में मैन ऑफ द मैच रहे शाहिद अफरीदी ने टेलर [0] का विकेट लिया जबकि स्काट स्टायरिस रन आउट हुए।
न्यूजीलैंड के चार विकेट 160 रन पर उखड़ गए थे। इसके बाद मैक्कुलम और डेनियल विटोरी [30] ने पांचवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। विटोरी ने रज्जाक की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमाया। मैक्कुलम 47वें ओवर में तेज गेंदबाज उमर गुल की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने इससे पहले 108 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने पिछला शतक गत वर्ष आयरलैंड के खिलाफ बनाया था। उन्होंने ओरम के साथ सातवें विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। ओरम 33 रन बनाकर नाबाद रहे।